Knews Desk– बैंकिंग से लेकर सरकारी योजनाओं तक, आज आधार कार्ड का इस्तेमाल कई जरूरी कामों में होता है। OTP, फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन या फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए पहचान की पुष्टि की जाती है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि आपके आधार का इस्तेमाल कब और किस एजेंसी ने किया। UIDAI की मदद से आप घर बैठे अपने आधार की ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री चेक कर सकते हैं।
आधार का इस्तेमाल कब और कहां हुआ, ऐसे मिलेगी जानकारी
आज के समय में आधार कार्ड हमारी पहचान से जुड़े सबसे जरूरी दस्तावेजों में से एक है। बैंकिंग का काम हो या किसी सरकारी योजना के लिए आवेदन, कई जगह आधार के जरिए पहचान की पुष्टि करनी पड़ती है।
इसके लिए कभी रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आता है, तो कभी फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन या फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए वेरिफिकेशन किया जाता है। ऐसे में कई बार यूजर्स को याद नहीं रहता कि उनके आधार का इस्तेमाल कब किया गया था।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यानी UIDAI आधार ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री देखने की सुविधा देता है। इसके जरिए आधार धारक यह पता लगा सकते हैं कि उनके आधार नंबर से कब पहचान का वेरिफिकेशन किया गया और किस एजेंसी ने इसके लिए रिक्वेस्ट भेजी थी।
क्या है Aadhaar Authentication History?
Aadhaar Authentication History में उन रिक्वेस्ट का रिकॉर्ड होता है, जिनके जरिए किसी व्यक्ति की पहचान आधार के माध्यम से वेरिफाई की गई है।
इस रिकॉर्ड में OTP, फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन, फेस ऑथेंटिकेशन और दूसरी ऑथेंटिकेशन डिटेल्स से जुड़ी जानकारी शामिल हो सकती है। इसमें ट्रांजेक्शन की तारीख, समय, ऑथेंटिकेशन का तरीका और उस एजेंसी का नाम भी दिखाई दे सकता है, जिसने पहचान की पुष्टि के लिए रिक्वेस्ट भेजी थी।
इसके साथ यह भी जानकारी मिल सकती है कि ऑथेंटिकेशन सफल हुआ था या नहीं।
हालांकि, यह सुविधा किसी लोकेशन ट्रैकर की तरह काम नहीं करती। यानी इससे यह पता नहीं चलता कि आधार का इस्तेमाल किस जगह पर हुआ या रिक्वेस्ट किस व्यक्ति ने की थी। इसमें केवल ऑथेंटिकेशन से जुड़ी जानकारी दिखाई जाती है।
Aadhaar App से कैसे चेक करें हिस्ट्री?
अगर आप स्मार्टफोन से आधार ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री देखना चाहते हैं, तो UIDAI के आधिकारिक Aadhaar App का इस्तेमाल कर सकते हैं।
- सबसे पहले अपने फोन में UIDAI का आधिकारिक Aadhaar App डाउनलोड करें।
- ऐप में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करें।
- इसके बाद Authentication History का विकल्प चुनें।
- स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करें।
- जरूरत पड़ने पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से वेरिफिकेशन पूरा करें।
- इसके बाद आप अपने आधार से जुड़े ऑथेंटिकेशन रिकॉर्ड देख सकते हैं।
UIDAI की वेबसाइट से ऐसे देखें आधार रिकॉर्ड
अगर आप ऐप का इस्तेमाल नहीं करना चाहते हैं, तो UIDAI की वेबसाइट के जरिए भी आधार ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री देख सकते हैं।
- सबसे पहले UIDAI के MyAadhaar पोर्टल पर जाएं।
- आधार नंबर या वर्चुअल आईडी यानी VID के जरिए लॉगिन करें।
- स्क्रीन पर दिखाई दे रहा सिक्योरिटी कोड दर्ज करें।
- रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP से वेरिफिकेशन पूरा करें।
- उपलब्ध सर्विस में Aadhaar Authentication History का विकल्प चुनें।
- अब जिस अवधि की हिस्ट्री देखनी है, उसे चुनें।
- सबमिट करने के बाद आपके सामने संबंधित ट्रांजेक्शन की जानकारी आ जाएगी।
UIDAI के मुताबिक, यूजर्स पिछले 6 महीने का रिकॉर्ड देख सकते हैं। एक बार में अधिकतम 50 ट्रांजेक्शन की जानकारी उपलब्ध होती है। जरूरत पड़ने पर रिकॉर्ड को डाउनलोड या प्रिंट भी किया जा सकता है।
अनजान ऑथेंटिकेशन दिखे तो क्या करें?
अगर ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री में कोई ऐसा ट्रांजेक्शन दिखाई देता है, जिसे आपने नहीं किया है, तो सबसे पहले उसकी तारीख, समय और संबंधित एजेंसी का नाम चेक करें।
इसके बाद संबंधित एजेंसी से संपर्क करके उस ऑथेंटिकेशन के बारे में जानकारी मांगी जा सकती है। अगर बार-बार संदिग्ध ऑथेंटिकेशन की कोशिशें दिखाई देती हैं, तो आधार बायोमेट्रिक्स या ऑथेंटिकेशन को लॉक करने का विकल्प भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
किसी तरह की शिकायत या सहायता के लिए UIDAI की हेल्पलाइन 1947 पर संपर्क किया जा सकता है।