Knews Desk– दुनियाभर में बढ़ते साइबर हमलों के बीच भारत समेत कई देशों में सरकारी सिस्टम के लिए खतरे की घंटी बजी है। सरकारी सेवाओं को डिजिटल तरीके से संचालित करने वाले DIGIT प्लेटफॉर्म में गंभीर सुरक्षा खामी सामने आई है। इस खामी के चलते संवेदनशील सरकारी डेटाबेस तक बिना लॉगिन पहुंच हासिल करने और रिकॉर्ड के साथ छेड़छाड़ किए जाने का खतरा बताया गया है।
DIGIT में मिली गंभीर सुरक्षा खामी
दुनियाभर में साइबर हमलों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच भारत समेत कई देशों में सरकारी सिस्टम के लिए इस्तेमाल होने वाले फ्री और ओपन-सोर्स सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म DIGIT में बड़ी सुरक्षा खामी सामने आई है।
DIGIT प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, टैक्स वसूली और जल प्रबंधन जैसी जरूरी सार्वजनिक सेवाओं को डिजिटल तरीके से संचालित करने के लिए किया जाता है। ऐसे में सिस्टम में मौजूद सुरक्षा खामी के चलते लाखों लोगों के निजी और संवेदनशील डेटा पर खतरा पैदा होने की आशंका जताई गई है।
CERT-In ने जारी किया हाई-रिस्क अलर्ट
भारत में 20 हजार से ज्यादा स्थानीय निकायों और 9 अन्य देशों में इस्तेमाल हो रहे DIGIT प्लेटफॉर्म को लेकर साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने हाई-रिस्क अलर्ट जारी किया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस सुरक्षा खामी का फायदा उठाकर हैकर्स बिना लॉगिन सरकारी डेटाबेस तक पहुंच हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा संवेदनशील रिकॉर्ड के साथ छेड़छाड़ करने की आशंका भी जताई गई है।
CERT-In ने 25 नवंबर 2026 को इस संबंध में अलर्ट जारी किया और प्रभावित संस्थानों को सॉफ्टवेयर के नए वर्जन पर अपग्रेड करने की सलाह दी है।
क्या है DIGIT प्लेटफॉर्म?
DIGIT एक ओपन-सोर्स सरकारी सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म है, जिसे eGov India ने तैयार किया है। इसका इस्तेमाल कई जरूरी पब्लिक सर्विस को ऑनलाइन तरीके से संचालित करने के लिए किया जाता है।
इन सेवाओं में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करना, राजस्व वसूली और जल प्रबंधन जैसी सेवाएं शामिल हैं। भारत में 20 हजार से ज्यादा स्थानीय सरकारी निकाय इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारत के अलावा इंडोनेशिया, नाइजीरिया और श्रीलंका समेत 9 अन्य देशों में भी इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा रहा है। भारत सरकार ऐसे डिजिटल प्लेटफॉर्म को डिजिटल पब्लिक गुड के तौर पर बढ़ावा देती है, ताकि दूसरे देश भी इनका इस्तेमाल कर सकें।
हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है कि भारत के अलावा अन्य देशों में इस सुरक्षा खामी का फायदा उठाया गया है या वहां किसी सिस्टम पर इसका असर पड़ा है।
SQL Injection से कैसे बढ़ा खतरा?
CERT-In ने 25 नवंबर को जारी अपनी एडवाइजरी CIVN-2026-0570 में इस समस्या को हाई सीवियरिटी की श्रेणी में रखा है। सरकारी एजेंसी के अनुसार, DIGIT Core के वर्जन 2.9 में SQL Injection नाम की सुरक्षा खामी मौजूद है।
SQL Injection एक तरह का साइबर हमला है, जिसमें हमलावर किसी एप्लिकेशन की कमजोरी का फायदा उठाकर डेटाबेस तक पहुंच बनाने के लिए गलत कमांड भेजता है। अगर सिस्टम यूजर से मिलने वाले इनपुट की सही तरीके से जांच नहीं करता है, तो हमलावर इस कमजोरी का फायदा उठा सकता है।
इस मामले में खतरा इसलिए भी गंभीर बताया गया है क्योंकि CERT-In के अनुसार साइबर हमलावर बिना किसी वैध अकाउंट के भी प्रभावित API के जरिए खास तरह का इनपुट भेजकर इस कमजोरी का फायदा उठा सकता है।
ऐसी स्थिति में डेटाबेस में मौजूद संवेदनशील जानकारी के लीक होने के साथ-साथ रिकॉर्ड में बदलाव करने या उन्हें डिलीट करने का खतरा भी बढ़ सकता है।
संस्थानों को करना होगा सॉफ्टवेयर अपडेट
CERT-In ने DIGIT का इस्तेमाल करने वाले प्रभावित संस्थानों को लेटेस्ट वर्जन 2.9.3 पर अपग्रेड करने की सलाह दी है। प्लेटफॉर्म का रखरखाव करने वाली संस्था eGov India ने भी इस समस्या को ठीक करने के लिए अपडेटेड सोर्स कोड जारी कर दिया है।
भारत के अलग-अलग शहरों और सरकारी विभागों में DIGIT के 1,000 से ज्यादा लाइव सिस्टम चल रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा अपडेट को समय पर लागू करना जरूरी माना जा रहा है, ताकि संभावित साइबर हमलों से सरकारी सिस्टम और नागरिकों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी को सुरक्षित रखा जा सके।