कर्नाटक में 21 मजदूरों के बंधक बनाए जाने का आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद पन्ना पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

मध्य प्रदेश के पन्ना से कर्नाटक मजदूरी करने गए 21 लोगों ने वीडियो जारी कर मदद की गुहार लगाई। आरोप है कि दो महीने से उनसे गन्ने के खेतों में 14 से 15 घंटे तक काम कराया जा रहा है और मजदूरी भी नहीं दी गई।

Knews Desk – बेहतर रोजगार और अच्छी मजदूरी की उम्मीद में मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से कर्नाटक गए 21 मजदूरों का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में मजदूरों ने दावा किया है कि उन्हें करीब दो महीने से गन्ने के खेतों में बंधक बनाकर रखा गया है और उनकी मजदूरी रोक दी गई है।

इन मजदूरों में नौ महिलाएं और दस बच्चे भी शामिल हैं। वीडियो के माध्यम से मजदूरों ने सरकार और जिला प्रशासन से सुरक्षित घर वापसी की गुहार लगाई है।

औरंगाबाद में काम का झांसा देकर कर्नाटक ले जाने का आरोप

मजदूरों के परिजनों के मुताबिक, दलालों ने उन्हें महाराष्ट्र के औरंगाबाद में काम दिलाने का झांसा दिया था। आरोप है कि बाद में उन्हें कर्नाटक के विजयपुर जिले की इंडी तहसील क्षेत्र में ले जाया गया।

परिजनों का आरोप है कि वहां मजदूरों से रोजाना 14 से 15 घंटे तक गन्ने की कटाई और लोडिंग का काम कराया जा रहा है। इसके बावजूद दो महीने बीतने के बाद भी उन्हें मजदूरी नहीं दी गई। घर लौटने की अनुमति मांगने पर उन्हें डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया है।

वीडियो में मजदूरों ने सुनाई अपनी परेशानी

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में मजदूरों ने कहा कि मजदूरी नहीं मिलने के कारण उनके सामने खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है। वीडियो में महिलाओं और बच्चों की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई गई है।

मजदूरों ने प्रशासन से अपील की है कि उन्हें इस स्थिति से जल्द बाहर निकालकर सुरक्षित घर पहुंचाया जाए।

मजदूरों के परिजनों ने शनिवार को बोरी पुलिस चौकी में शिकायत दी। इसके बाद पन्ना पुलिस अधीक्षक सब्यसांची सर्राफ ने मामले का संज्ञान लेते हुए एसडीओपी पवई और शाहनगर थाना प्रभारी को सभी मजदूरों की सुरक्षित घर वापसी के निर्देश दिए हैं।

पुलिस की ओर से मजदूरों की वापसी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले में सामने आए आरोपों की जांच और मजदूरों को सुरक्षित वापस लाने की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *