लखनऊ के बंद मकान में भड़की आग, पुलिस ने छत के रास्ते पहुंचकर बचाए दो गैस सिलेंडर

लखनऊ के गाजीपुर स्थित सचिवालय कॉलोनी में बंद मकान में आग लगने से मची अफरा-तफरी। पुलिस ने पड़ोसी की छत से घर में दाखिल होकर दो गैस सिलेंडर सुरक्षित बाहर निकाले।

पड़ोसी की छत से मकान में दाखिल हुई पुलिस

राजधानी लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र की सचिवालय कॉलोनी में एक बंद मकान में अचानक आग लग गई। घटना के समय मकान मालिक जय शंकर राम घर पर मौजूद नहीं थे। आग ने देखते ही देखते मकान में रखे घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की सूचना मिलते ही सर्वोदय नगर चौकी प्रभारी सचिन कौशिक, उपनिरीक्षक संदीप कुमार सिंह और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने पड़ोसी की छत के रास्ते जलते मकान में प्रवेश किया और घर के अंदर रखे दोनों गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

दो गैस सिलेंडर बाहर निकालकर टाला बड़ा हादसा

आग से घिरे मकान में गैस सिलेंडर मौजूद होने के कारण स्थिति गंभीर थी। पुलिसकर्मियों ने जोखिम उठाकर दोनों सिलेंडरों को बाहर निकाला और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।

50 मीटर पाइपलाइन बिछाकर बुझाई गई आग

आग की सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। मकान तक पानी पहुंचाने के लिए फायर कर्मियों को सड़क से करीब 50 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछानी पड़ी। इसके बाद आग बुझाने का अभियान चलाया गया और आग पर काबू पाया गया।

दीपक से आग लगने की आशंका, सामान जलकर राख

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में जल रहे दीपक से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग की चपेट में आने से मकान में रखी रजाई, गद्दे, फर्नीचर, कपड़े और ड्रेसिंग टेबल समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

बताया जा रहा है कि सचिवालय कॉलोनी कन्वेंशन सेंटर के नजदीक स्थित है। पुलिस और दमकल टीम की सक्रियता से समय रहते दोनों गैस सिलेंडर बाहर निकाल लिए गए, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *