Knews Desk– एनएसडीएल के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने नवंबर में भारतीय शेयर बाजार में रिकॉर्ड 1.54 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया। इससे पहले एफपीआई ने अक्टूबर में 34,843 करोड़ रुपये और सितंबर में 35,861 करोड़ रुपये की निकासी की थी।
नवंबर में एफपीआई ने जमकर की खरीदारी
ग्लोबल स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े शेयरों में बिकवाली और घरेलू कंपनियों की आय में मजबूत वृद्धि के बीच विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में जोरदार वापसी की है। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने नवंबर में अब तक 1.54 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड निवेश किया है, जो अब तक का सबसे अधिक मासिक निवेश है।
एनएसडीएल के आंकड़ों के अनुसार, एफपीआई ने 2 से 27 नवंबर के बीच भारतीय शेयर बाजार में 1.54 लाख करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया। नवंबर में अब केवल एक कारोबारी सत्र बाकी है, लेकिन विदेशी निवेशकों का यह निवेश नवंबर 2020 में दर्ज किए गए 60,358 करोड़ रुपये के पिछले मासिक रिकॉर्ड को पहले ही पार कर चुका है।
लगातार खरीदारी करते रहे विदेशी निवेशक
विशेष मुहूर्त कारोबारी सत्र को छोड़कर एफपीआई इस महीने के हर कारोबारी दिन शुद्ध खरीदार बने रहे। इससे पहले विदेशी निवेशकों ने सितंबर में 35,861 करोड़ रुपये और अक्टूबर में 34,843 करोड़ रुपये की निकासी की थी।
गौरतलब है कि एफपीआई ने मार्च में घरेलू शेयर बाजार से 1.17 लाख करोड़ रुपये की भारी निकासी की थी। नवंबर में हुए ताजा निवेश के बाद 2026 में भारतीय शेयर बाजार से एफपीआई की कुल शुद्ध निकासी घटकर करीब 1.41 लाख करोड़ रुपये रह गई है। कुछ सप्ताह पहले यह आंकड़ा करीब तीन लाख करोड़ रुपये था।
बाजार में वापस आया करीब 50 फीसदी पैसा
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा कि एफपीआई ने पिछले 10 महीनों में भारत से जितनी राशि निकाली थी, उसका करीब 50 प्रतिशत हिस्सा अकेले नवंबर में बाजार में वापस आ गया है।
उन्होंने बताया कि विदेशी निवेशकों ने वित्तीय सेवाओं, खासकर निजी और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, दूरसंचार, दैनिक उपयोग की उपभोक्ता वस्तुओं यानी एफएमसीजी, सूचना प्रौद्योगिकी और उपभोक्ता सेवाओं के शेयरों में बड़ी खरीदारी की।
विजयकुमार के मुताबिक, एआई ट्रेड का कमजोर पड़ना और भारत की कॉर्पोरेट कमाई में शानदार बढ़ोतरी ऐसे प्रमुख कारण हैं, जिनकी वजह से एफपीआई की भारत में वापसी हुई है।
भारत का इक्विटी मार्केट बना दुनिया में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला
विदेशी निवेशकों की भारी खरीदारी के चलते नवंबर में भारत का इक्विटी मार्केट दुनिया भर में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला बाजार बन गया। भारी पूंजी प्रवाह के बीच अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत होकर 92.99 के स्तर पर पहुंच गया। इसके साथ ही रुपया उस महीने एशिया की सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली करेंसी बन गया।
सेक्टर के स्तर पर एफपीआई ने मुख्य रूप से वित्तीय सेवाओं, विशेष रूप से निजी और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, दूरसंचार, एफएमसीजी, आईटी और उपभोक्ता सेवाओं में खरीदारी की।
अब इन आंकड़ों पर रहेगी बाजार की नजर
बजाज ब्रोकिंग में रिसर्च के डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट पवित्रो मुखर्जी ने कहा कि बाजार के जानकारों की नजर अगले सप्ताह आने वाले भारत के जीडीपी डेटा और भारतीय रिजर्व बैंक की मॉनेटरी पॉलिसी के फैसलों पर रहेगी। इनसे आर्थिक विकास और ब्याज दरों की दिशा के बारे में संकेत मिल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव, अमेरिका के टैरिफ से जुड़े घटनाक्रम और अमेरिका के ‘नॉन-फार्म पेरोल’ डेटा जैसे कारक निवेशकों की धारणा को प्रभावित करेंगे।
वीके विजयकुमार ने कहा कि मौजूदा रुझानों को देखते हुए एफपीआई का निवेश आगे भी जारी रहने की संभावना है।
डेट सेगमेंट में भी विदेशी निवेश
डेट सेगमेंट में विदेशी निवेशकों ने ‘फुल्ली एक्सेसिबल रूट’ यानी एफएआर के जरिए 7,484 करोड़ रुपये और ‘जनरल रूट’ के जरिए 4,528 करोड़ रुपये का निवेश किया। हालांकि, विदेशी निवेशकों ने ‘वॉलंटरी रिटेंशन रूट’ यानी वीआरआर के जरिए 3,972 करोड़ रुपये की निकासी भी की।