DU UG Admission 2027-28: चार नहीं, अब CUET के तीन बेस्ट स्कोर से तय होगी मेरिट

KNEWS DESK- दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) में UG एडमिशन की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अहम बदलाव की तैयारी है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 से विश्वविद्यालय में एडमिशन के लिए मेरिट तैयार करने का फॉर्मूला बदल सकता है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत CUET के चार विषयों के बजाय तीन सबसे ज्यादा अंक वाले विषयों के स्कोर को मेरिट का आधार बनाया जाएगा। इससे छात्रों को विषयों के चयन में पहले की तुलना में ज्यादा लचीलापन मिल सकता है।

दिल्ली यूनिवर्सिटी के नए प्रस्ताव के अनुसार, CUET के सभी 37 विषयों को एक कॉमन पूल में शामिल किया जाएगा। यदि किसी छात्र ने तीन से अधिक विषयों की परीक्षा दी है, तो उसके सबसे ज्यादा अंक वाले तीन विषयों के स्कोर के आधार पर मेरिट तैयार करने का प्रस्ताव है। हालांकि, कुछ पाठ्यक्रमों में भाषा और जनरल एप्टीट्यूड टेस्ट यानी GAT से जुड़ी शर्तें लागू रहेंगी।

भाषा के नियम में भी बदलाव का प्रस्ताव

नए फॉर्मूले के तहत मेरिट तैयार करने के लिए भाषा के अंकों को अनिवार्य रखने का प्रस्ताव नहीं है। हालांकि, 12वीं कक्षा में कम से कम एक भाषा विषय पढ़ना और उसमें पास होना जरूरी रहेगा। कुछ विशेष पाठ्यक्रमों के लिए संबंधित भाषा का CUET पेपर देना अनिवार्य हो सकता है। उदाहरण के लिए BA ऑनर्स हिंदी के लिए हिंदी और BA ऑनर्स इंग्लिश के लिए अंग्रेजी का पेपर जरूरी रहेगा।

कुछ कोर्स में GAT रहेगा जरूरी

ज्यादातर UG पाठ्यक्रमों में GAT के अंकों को मेरिट में शामिल नहीं करने का प्रस्ताव है। हालांकि, BCom, BMS, BBA (फाइनेंशियल इन्वेस्टमेंट एनालिसिस), BBE और BFA जैसे कुछ कोर्स में GAT की भूमिका बनी रह सकती है। इसलिए छात्रों को आवेदन से पहले संबंधित पाठ्यक्रम की पात्रता शर्तें जरूर देखनी होंगी।

2027-28 से लागू हो सकता है नियम

DU के नए एडमिशन फॉर्मूले को अकादमिक काउंसिल से मंजूरी मिल चुकी है और इसे 2027-28 सत्र से लागू करने की तैयारी है। वहीं, 2026-27 में एडमिशन लेने वाले छात्रों पर मौजूदा नियम ही लागू रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *