भारत ने बदली कच्चे तेल की खरीद रणनीति, रूस से घटा आयात तो सऊदी-इराक से बढ़ी खरीद

Knews Desk – भारत के कच्चे तेल आयात में नवंबर के दौरान बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पश्चिम एशिया से सप्लाई में सुधार, रूसी तेल पर मिलने वाली छूट में कमी और माल ढुलाई की बढ़ती लागत के बीच भारतीय रिफाइनरी कंपनियों ने अपने खरीद स्रोतों में विविधता बढ़ाई है।

कमोडिटी मार्केट से जुड़ी सूचना देने वाली कंपनी केप्लर के आंकड़ों के मुताबिक, भारत का रूसी कच्चे तेल का आयात जुलाई में करीब 28 लाख बैरल प्रतिदिन के उच्चतम स्तर पर था, जो नवंबर में घटकर करीब 16.5 लाख बैरल प्रतिदिन रह गया। सितंबर में यह आंकड़ा 18.7 लाख बैरल प्रतिदिन और अक्टूबर में मामूली सुधार के साथ 20.5 लाख बैरल प्रतिदिन रहा था।

सऊदी अरब और इराक से बढ़ी खरीद

रूसी तेल के आयात में कमी के बीच भारत ने पारंपरिक पश्चिम एशियाई आपूर्तिकर्ताओं से खरीद बढ़ाई है। खास तौर पर सऊदी अरब और इराक से आयात में तेज सुधार हुआ है।

आंकड़ों के अनुसार, दोनों देशों से संयुक्त आयात अक्टूबर में करीब 10.3 लाख बैरल प्रतिदिन था, जो नवंबर में बढ़कर करीब 16.1 लाख बैरल प्रतिदिन हो गया। बताया गया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते कच्चे तेल की आवाजाही धीरे-धीरे बेहतर होने से पश्चिम एशियाई तेल की उपलब्धता बढ़ी है।

भारतीय रिफाइनरी कंपनियों ने ब्राजील और वेनेजुएला से भी कच्चे तेल की खरीद बढ़ाई है। इससे अलग-अलग उत्पादक क्षेत्रों से आपूर्ति हासिल करने और खरीद स्रोतों में विविधता लाने की रणनीति का संकेत मिलता है।

केप्लर के सीनियर मैनेजर सुमित रितोलिया के मुताबिक, रूस अभी भी भारत का सबसे बड़ा एकल कच्चा तेल आपूर्तिकर्ता बना हुआ है, लेकिन साल के मध्य से उसका दबदबा कम हो रहा है।

रूसी तेल का लागत लाभ हुआ कम

रूसी कच्चे तेल पर मिलने वाली शुरुआती छूट में कमी और माल ढुलाई की ऊंची दरों ने इसकी खरीद का आर्थिक लाभ घटाया है। वहीं, पश्चिम एशियाई किस्मों की बेहतर उपलब्धता ने भारतीय रिफाइनरी कंपनियों को ज्यादा विकल्प दिए हैं।

इसके बावजूद भारत के कुल कच्चे तेल आयात पर बड़ा असर नहीं पड़ा है। रिफाइनरी यूनिट्स के उच्च क्षमता उपयोग, घरेलू ईंधन की मजबूत मांग और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात के अवसरों के चलते कच्चे तेल की खरीद अपेक्षाकृत मजबूत बनी हुई है।

केप्लर के मुताबिक, भारत के रूसी तेल से पूरी तरह दूरी बनाने की संभावना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *