NEET SS 2026: आवेदन में फोटो-सिग्नेचर की गलती सुधारें, 2 दिसंबर तक मिलेगा मौका

KNEWS DESK- NEET SS 2026 के उम्मीदवारों के लिए जरूरी अपडेट है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने कुछ अभ्यर्थियों को आवेदन में अपलोड की गई फोटो, सिग्नेचर और अंगूठे के निशान में सुधार करने का मौका दिया है। यह सुविधा 28 नवंबर से उपलब्ध है और संबंधित उम्मीदवार 2 दिसंबर 2026 तक जरूरी बदलाव कर सकते हैं।

NBEMS की ओर से यह सुविधा सभी उम्मीदवारों के लिए नहीं है। केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को इमेज करेक्शन का विकल्प मिलेगा, जिन्हें बोर्ड ने आवेदन में अपलोड की गई इमेज में गड़बड़ी के संबंध में सूचना दी है। संबंधित उम्मीदवारों को उनके रजिस्टर्ड ईमेल और आवेदन खाते के माध्यम से इसकी जानकारी दी गई है।

इन इमेज में कर सकते हैं सुधार

उम्मीदवार आवेदन में अपलोड की गई फोटो, सिग्नेचर और थंब इम्प्रेशन को सुधार सकते हैं। यदि फोटो स्पष्ट नहीं है या निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं है तो नई फोटो अपलोड की जा सकती है। इसी तरह अस्पष्ट या निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं होने वाले हस्ताक्षर को दोबारा अपलोड करने का विकल्प मिलेगा। अंगूठे के निशान में भी आवश्यक सुधार किया जा सकता है।

ऐसे करें आवेदन में बदलाव

उम्मीदवार सबसे पहले NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in पर जाएं। इसके बाद NEET SS 2026 लिंक पर क्लिक करके रजिस्टर्ड यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉगिन करें। आवेदन खाते में इमेज स्क्रूटनी से संबंधित सेक्शन खोलें और देखें कि किस इमेज में सुधार करने के लिए कहा गया है। इसके बाद संबंधित फोटो, सिग्नेचर या थंब इम्प्रेशन को दोबारा अपलोड करें। बदलाव सेव करने से पहले अपलोड की गई इमेज को अच्छी तरह जांच लें।

11 और 12 दिसंबर को होगी परीक्षा

NEET SS 2026 परीक्षा 11 और 12 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का रिजल्ट 12 जनवरी 2027 तक घोषित किया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह है कि वे किसी भी नए अपडेट के लिए NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *