जनकपुर धाम से विशेष ट्रेन के जरिए अयोध्या पहुंचे तिलकहारुओं का हुआ भव्य स्वागत रेलवे स्टेशन पर गूंजे जय श्रीराम के नारे, फूल बरसाकर किया गया अभिनंदन राम-जानकी विवाह से जुड़े सदियों पुराने रिश्ते की दिखी झलक
Knews Desk – अयोध्या में श्रीराम विवाह महोत्सव के बीच नेपाल के जनकपुर धाम से 51 श्रद्धालुओं का दल विशेष ट्रेन से अयोध्या पहुंचा। ये श्रद्धालु भगवान श्रीराम के तिलकोत्सव में शामिल होने और जनकपुर की ओर से तिलक अर्पित करने के लिए रामनगरी पहुंचे हैं। अयोध्या रेलवे स्टेशन पर नेपाली श्रद्धालुओं का फूल बरसाकर स्वागत किया गया और इस दौरान जय श्रीराम के नारे गूंजते रहे।
रविवार सुबह कमला सरयू एक्सप्रेस अयोध्या रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन से श्रद्धालुओं के उतरते ही उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। जनकपुर धाम स्थित जानकी मंदिर की ओर से 51 सदस्यीय तिलकहारुओं का दल अयोध्या आया है। स्रोत के मुताबिक, पहली बार तिलकहारुओं ने जनकपुर से अयोध्या तक का सफर ट्रेन से किया है।
ट्रेन में ही निभाई गई तिलक की परंपरा
यात्रा के दौरान श्रद्धालु काफी उत्साहित रहे। ट्रेन में ही भगवान श्रीराम को तिलक लगाया गया और राम विवाह से जुड़ी परंपराएं निभाई गईं। अयोध्या पहुंचने के बाद भी नेपाली मेहमानों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। अयोध्या के महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने फूल देकर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया।
नेपाल के महापौर मनोज शाह ने इस यात्रा को ऐतिहासिक और भावनात्मक पल बताया। उन्होंने कहा कि पहली बार विशेष ट्रेन से भगवान श्रीराम के लिए तिलक लेकर अयोध्या पहुंचना उनके लिए बेहद खास अनुभव है। उन्होंने ट्रेन की यात्रा और व्यवस्थाओं को भी अच्छा बताया तथा इस पहल के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का आभार जताया।
नेपाल के रहने वाले संतोष कुमार रावत ने भी यात्रा को यादगार बताया। उनके मुताबिक, भारत और नेपाल के रिश्ते सिर्फ दो देशों के संबंधों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनकी जड़ें साझा धर्म और संस्कृति में भी हैं। श्रद्धालु श्रवण कुमार झा ने कहा कि कमला सरयू एक्सप्रेस से अयोध्या पहुंचना उनके लिए सौभाग्य की बात है और भगवान श्रीराम के तिलकोत्सव में शामिल होना बेहद खास अवसर है।
जनकपुर और अयोध्या का सदियों पुराना संबंध
जनकपुर धाम और अयोध्या का रिश्ता राम-जानकी विवाह की परंपरा से जुड़ा माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, जनकपुर माता सीता की जन्मभूमि और अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है। राम विवाह महोत्सव के दौरान जनकपुर से तिलक लेकर अयोध्या आने की परंपरा इसी सांस्कृतिक और धार्मिक रिश्ते की याद दिलाती है।
श्रीराम विवाह महोत्सव के तहत रविवार दोपहर करीब 3 बजे अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम का तिलकोत्सव संपन्न होगा। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच जनकपुर से आए तिलकहारुओं का दल तिलक अर्पित करेगा। इस आयोजन को लेकर रामनगरी में श्रद्धालुओं और संत-महंतों के बीच खास उत्साह है।