परिसीमन विधेयक को लेकर कांग्रेस के विरोध के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने परिसीमन का समर्थन किया है। उन्होंने बढ़ती आबादी के हिसाब से प्रतिनिधित्व दिए जाने की वकालत की, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा विधेयक लाने के तरीके पर सवाल उठाए। शिंदे ने कहा कि इस मुद्दे पर सभी दलों की सहमति से फैसला होना चाहिए था।
Knews Desk- सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि यह उनकी निजी राय है कि परिसीमन होना चाहिए और बढ़ती आबादी के हिसाब से प्रतिनिधित्व मिलना जरूरी है। हालांकि, उन्होंने केंद्र सरकार के तरीके को गलत बताते हुए कहा कि यह फैसला सभी पार्टियों के भरोसे और सहमति से लिया जाता तो ज्यादा सही होता।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का रुख परिसीमन के खिलाफ नहीं है, बल्कि पार्टी चाहती है कि परिसीमन जनगणना के बाद किया जाए। शिंदे ने कहा कि उन्हें स्पष्ट नहीं है कि केंद्र सरकार के मन में क्या चल रहा है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि अगर राज्यों का बंटवारा होता है और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के संविधान सभा में रखे विचारों के खिलाफ काम होता है तो यह देश के लिए खतरनाक होगा।
एनसीपी (एसपी) के परिसीमन पर रुख को लेकर पूछे गए सवाल पर शिंदे ने कहा कि उनकी और शरद पवार की पार्टी की सोच अलग है, इसलिए वह इस पर कुछ नहीं कह सकते। कांग्रेस के युवा नेताओं के रुख पर भी उन्होंने कहा कि सभी के अलग-अलग विचार हैं।
वहीं, शिंदे की बेटी और कांग्रेस नेता प्रणिति शिंदे ने परिसीमन विधेयक को कांग्रेस और संविधान के साथ विश्वासघात बताया है। उन्होंने कहा कि अगर एनसीपी (एसपी) इस विधेयक के पक्ष में मतदान करती है तो यह कांग्रेस ही नहीं, बल्कि देश के साथ विश्वासघात होगा। उन्होंने संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ जाने की मजबूरी पर भी सवाल उठाए।