मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के नागरिकों से महिला सुरक्षा और आपात स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण अपील की है। उन्होंने लोगों से महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और राष्ट्रीय आपातकालीन नंबर 112 को अपने मोबाइल फोन में अनिवार्य रूप से सेव रखने और इन्हें परिवार के सदस्यों व परिचितों के साथ साझा करने का आग्रह किया है।
Knews Desk– मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट साझा कर कहा कि किसी भी आपातकालीन या संकट की स्थिति में समय पर मदद मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ये नंबर पहले से मोबाइल में सुरक्षित होने पर कठिन समय में बिना देरी के प्रशासन और पुलिस की सहायता ली जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि महिलाओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस दिशा में आम नागरिकों की जागरूकता और सतर्कता की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।
सरकार की इस पहल का उद्देश्य आपात सेवाओं तक आम जनता की पहुंच को अधिक सुगम और त्वरित बनाना है। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे इन दोनों महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों को अपने फोन में सेव करने के साथ ही अपने परिवार और परिचितों को भी इसकी जानकारी दें, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सके।