मुरादाबाद में शादी समारोह के दौरान जमकर बवाल, डीजे पर गाना बदलने को लेकर युवक की पिटाई

Knews Desk – उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान डीजे पर गाना बदलने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। काजीपुरा स्थित वेलकम रिसोर्ट में आयोजित शादी समारोह में चमरौआ से बारात में शामिल होने आए हम्ज़ा नामक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।

15-20 युवकों पर घेरकर पीटने का आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कहासुनी के बाद करीब 15 से 20 युवकों ने हम्ज़ा को घेर लिया और डंडों, कुर्सियों व झाड़ू से उसकी पिटाई शुरू कर दी। हमले में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है।

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले वेलकम रिसोर्ट में शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान डीजे पर गाना बदलने को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी हुई। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर पहले गाली-गलौज हुई। माहौल बिगड़ता देख कई बाराती वहां से चले गए, लेकिन हम्ज़ा वहीं रह गया। इसके बाद उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है।

पीड़ित के पिता के मुताबिक, वे हमलावरों को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते, क्योंकि वे दूसरे इलाके से शादी में शामिल होने आए थे। उनका कहना है कि घटना का वीडियो मौजूद है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा सकती है।

पुलिस से कार्रवाई की मांग
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने कुंदरकी थाने में लिखित शिकायत देकर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मुरादाबाद पुलिस की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया गया कि थाना प्रभारी कुंदरकी को मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारी ने भी पीड़ित पक्ष को नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के वीडियो और शिकायत के आधार पर आरोपियों की पहचान और मारपीट के कारणों की पुष्टि की जानी है। जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *