Knews Desk – उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश सरकार ने भोजपुरी भाषी पूर्वांचल को लेकर बड़ा कदम उठाया है। भाषा विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश भोजपुरी अकादमी में पांच नए लोगों को नामित किया गया है। प्रभुनाथ राय को अकादमी का उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि सीता मिश्रा, कृष्ण कुमार सिंह, अशोक जायसवाल और डॉ. फूलचंद्र गुप्ता को सदस्य नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों को भोजपुरी बेल्ट में सरकार की सांस्कृतिक और सामाजिक पहुंच मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
प्रभुनाथ राय बने अकादमी के उपाध्यक्ष
भाषा विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, लखनऊ के गोमतीनगर निवासी प्रभुनाथ राय को उत्तर प्रदेश भोजपुरी अकादमी का उपाध्यक्ष नामित किया गया है। अकादमी के अध्यक्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं।
अकादमी में सीता मिश्रा, कृष्ण कुमार सिंह, अशोक जायसवाल और डॉ. फूलचंद्र गुप्ता को सदस्य बनाया गया है। आदेश के अनुसार, सीता मिश्रा वाराणसी, कृष्ण कुमार सिंह प्रतापगढ़, अशोक जायसवाल महाराजगंज और डॉ. फूलचंद्र गुप्ता गोरखपुर से हैं।
पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों को प्रतिनिधित्व
नई नियुक्तियों में पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। नामित सभी लोगों का संबंध भोजपुरी भाषी क्षेत्र से बताया गया है। शासन की ओर से जारी आदेश प्रमुख सचिव मनीष चौहान की ओर से जारी किया गया है।
शासन के आदेश के मुताबिक, उपाध्यक्ष और नामित सदस्यों का कार्यकाल एक वर्ष का होगा। हालांकि, शासन चाहे तो निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले भी नामांकन समाप्त कर सकता है।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में पूर्वांचल की अहम भूमिका रही है। वाराणसी, गोरखपुर, महाराजगंज और प्रतापगढ़ जैसे जिले राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हैं और इनमें भोजपुरी भाषा एवं संस्कृति का भी प्रभाव है। ऐसे में चुनाव से पहले भोजपुरी अकादमी में इन क्षेत्रों से जुड़े लोगों को जिम्मेदारी दिए जाने को राजनीतिक और सांस्कृतिक दोनों नजरिए से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन नियुक्तियों के जरिए सरकार भोजपुरी भाषा और संस्कृति से जुड़े क्षेत्र में अपनी पहुंच मजबूत करने का संदेश दे सकती है।