‘धड़कन 2’ में नहीं दिखेंगे अक्षय-शिल्पा, सुनील शेट्टी के कैमियो की चर्चा तेज

साल 2000 में रिलीज हुई अक्षय कुमार, शिल्पा शेट्टी और सुनील शेट्टी स्टारर ‘धड़कन’ आज भी दर्शकों की पसंदीदा फिल्मों में शामिल है। अब इस कल्ट फिल्म के सीक्वल ‘धड़कन 2’ को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म में नई और फ्रेश स्टारकास्ट नजर आ सकती है, जबकि सुनील शेट्टी को खास कैमियो रोल के लिए अप्रोच किए जाने की खबर है।

Knews Desk – इस वक्त बॉलीवुड की कई कल्ट फिल्मों के सीक्वल पर काम चल रहा है। कुछ फिल्मों को कंफर्म कर दिया गया है, जबकि कुछ को लेकर मेकर्स अभी असमंजस में हैं कि प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाया जाए या नहीं। इसी बीच अक्षय कुमार और शिल्पा शेट्टी की सुपरहिट फिल्म ‘धड़कन’ भी चर्चा में आ गई है। साल 2000 में रिलीज हुई इस रोमांटिक फिल्म के गाने और डायलॉग आज भी फैन्स को याद हैं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही थी और अब इसके सीक्वल ‘धड़कन 2’ को लेकर तैयारियां तेज होने की खबर है।

हाल ही में मिड-डे की एक रिपोर्ट सामने आई, जिसके मुताबिक मेकर्स इस सुपरहिट फिल्म के दूसरे पार्ट पर काम कर रहे हैं। हालांकि, इस नई फिल्म में पुरानी जोड़ी नजर नहीं आएगी। उनकी जगह एक बिल्कुल नई और फ्रेश स्टारकास्ट को लेने की प्लानिंग की जा रही है। यानी अक्षय कुमार और शिल्पा शेट्टी इस सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगे।

वहीं, रिपोर्ट के मुताबिक ओरिजिनल फिल्म में ‘देव’ के किरदार से लोगों का दिल जीतने वाले सुनील शेट्टी के फैन्स के लिए अच्छी खबर है। कहा जा रहा है कि सुनील शेट्टी ‘धड़कन 2’ में वापसी कर सकते हैं। खबरों की मानें तो उन्हें फिल्म में एक बेहद खास कैमियो रोल के लिए अप्रोच किया गया है। फिल्म की कहानी आज के दौर के रिश्तों, प्यार और दिल टूटने के इर्द-गिर्द बुनी जाएगी। ऐसे में सुनील शेट्टी की एंट्री फिल्म के पुराने फैन्स के लिए बड़ा सरप्राइज हो सकती है।

पहली ‘धड़कन’ का डायरेक्शन धर्मेश दर्शन ने किया था। हालांकि, सीक्वल के लिए डायरेक्टर बदले जाने की चर्चा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ और ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ जैसी फिल्में बना चुके श्री नारायण सिंह इस प्रोजेक्ट पर काम कर सकते हैं। उन्हें ‘धड़कन 2’ के डायरेक्शन की कमान सौंपी जा सकती है। फिलहाल मेकर्स और उनके बीच इस प्रोजेक्ट को लेकर शुरुआती बातचीत चल रही है।

फिलहाल ‘धड़कन 2’ प्री-प्रोडक्शन और स्क्रिप्टिंग के शुरुआती फेज में है। लीड रोल के लिए नए चेहरों की तलाश की जा रही है और कास्टिंग को लेकर अभी कुछ भी फाइनल नहीं हुआ है। प्रोडक्शन हाउस की तरफ से भी इस प्रोजेक्ट को लेकर कोई ऑफिशियल ऐलान नहीं किया गया है। हालांकि, खबर सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर फैन्स के बीच फिल्म को लेकर काफी बज बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *