सलमान खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ 4 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। फिल्म की रिलीज से पहले सलमान खान मुंबई में एक बेहद ग्रैंड प्रीमियर रखने की प्लानिंग कर रहे हैं, जिसमें बॉलीवुड के कई बड़े सितारों के शामिल होने की उम्मीद है।
Knews Desk – सलमान खान के फैन्स लंबे वक्त से जिस चीज का इंतजार कर रहे थे, वो अब फाइनली होने जा रहा है। 4 दिसंबर, 2026 को उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को लेकर एक्टर प्रमोशंस में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते। अब फिल्म की रिलीज से पहले एक ऐसा बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसने भाईजान के चाहने वालों की एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है।
हाल ही में बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट सामने आई, जिसमें बताया गया कि सलमान खान इस फिल्म के लिए मुंबई में एक बेहद ग्रैंड प्रीमियर रखने की प्लानिंग कर रहे हैं। इस प्रीमियर में बॉलीवुड के बड़े-बड़े सितारों के पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि, इस प्रीमियर की सबसे खास बात यह है कि बतौर लीड हीरो पिछले 7 सालों में सलमान खान की किसी भी फिल्म का यह पहला ग्रैंड प्रीमियर होगा। इससे पहले साल 2019 में उन्होंने इतना बड़ा प्रीमियर रखा था।
इसी रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान ने ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘भारत’ के लिए बड़े लेवल पर प्रीमियर रखा था। इसके बाद कोविड और दूसरी वजहों के चलते यह सिलसिला थम सा गया था। अब ‘मातृभूमि’ के साथ सलमान एक बार फिर पुरानी वाली तैयारियों में नजर आ रहे हैं। खबरों के मुताबिक, इस खास मौके के लिए बॉलीवुड के बड़े एक्टर्स, फिल्ममेकर्स और सलमान खान के करीबी दोस्तों को न्योता भेजा जा रहा है।
वहीं, फिल्म का ट्रेलर पहले ही लोगों के बीच जबरदस्त बज बना चुका है। अब इस ग्रैंड प्रीमियर के जरिए मेकर्स रिलीज से पहले फिल्म को लेकर एक मजबूत माहौल तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, सिक्योरिटी रीजन के चलते वेन्यू और गेस्ट लिस्ट को लेकर बेहद सख्त इंतजाम किए जा रहे हैं।
अपूर्व लाखिया के डायरेक्शन में बनी ‘मातृभूमि’ में सलमान खान कर्नल बी. संतोष बाबू का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में उनके साथ चित्रांगदा सिंह लीड रोल में हैं। लद्दाख की बर्फीली वादियों में शूट हुई इस फिल्म को लेकर ट्रेड एक्सपर्ट्स को काफी उम्मीदें हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि 4 दिसंबर को रिलीज से पहले होने वाला यह ग्रैंड प्रीमियर कैसा होता है।