KNEWS DESK- नीता अंबानी ने ‘द ग्रेट इंडियन म्यूजिकल: सिविलाइज़ेशन टू नेशन’ के तीसरे सीजन की ओपनिंग नाइट में शानदार भरतनाट्यम प्रस्तुति दी। इस दौरान उनकी नृत्य मुद्राओं के साथ-साथ खूबसूरत एथनिक लुक ने भी लोगों का ध्यान खींचा। उनके आउटफिट में बनारसी जरी, जरदोजी और आरी के काम का खूबसूरत संगम देखने को मिला।
मनीष मल्होत्रा ने डिजाइन किया खास लहंगा
नीता अंबानी ने इस खास प्रस्तुति के लिए फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा द्वारा डिजाइन किया हुआ लहंगा पहना था। उनका आउटफिट भरतनाट्यम की शास्त्रीय सुंदरता से प्रेरित था। लहंगे के बॉटम में प्लीटेड डिटेलिंग दी गई थी, जबकि पिंक और ऑरेंज का कॉम्बिनेशन पूरे लुक को आकर्षक बना रहा था।
6 साल की उम्र से सीख रही हैं भरतनाट्यम
नीता अंबानी ने छह साल की उम्र से भरतनाट्यम सीखना शुरू किया था। उनका कहना है कि नृत्य ने उन्हें आत्मविश्वास दिया और उनके व्यक्तित्व को आकार देने में अहम भूमिका निभाई। उनके लिए नृत्य केवल कला नहीं, बल्कि ध्यान का एक रूप भी है। उनकी प्रस्तुति में भाव-भंगिमाओं और मुद्राओं की खूबसूरत झलक देखने को मिली।
बनारसी जरी और जरदोजी का खूबसूरत संगम
नीता अंबानी के लहंगे में सुनहरे धागों से बनारसी ब्रोकेड वर्क किया गया था। इसे हाथ से बुना गया था। फ्यूशिया पिंक ब्लाउज पर जरदोजी और आरी का बारीक काम किया गया था। स्लीव्स के किनारों पर ग्रीन बीड्स के फ्रिंज लगाए गए थे, जिसने आउटफिट की खूबसूरती बढ़ा दी।
तंचोई दुपट्टे ने पूरा किया लुक
लहंगे के साथ फ्यूशिया पिंक रंग का तंचोई दुपट्टा कैरी किया गया था। तंचोई एक खास बुनाई शैली है, जिसमें साटन जैसे मुलायम सरफेस पर रेशमी धागों से बारीक डिजाइन बुने जाते हैं। इसकी खासियत यह है कि कपड़े के पीछे धागे नहीं लटकते और पैटर्न दोनों तरफ से साफ दिखाई देता है।
भारतीय कारीगरी की दिखी झलक
नीता अंबानी के पूरे आउटफिट में भारतीय कारीगरी की खूबसूरत झलक नजर आई। इसमें गोटा-पट्टी, आरी-जरदोजी और बनारसी जरी जैसे पारंपरिक काम को शामिल किया गया था। पारंपरिक शिल्प और शास्त्रीय नृत्य के इस मेल ने उनके पूरे लुक को खास बना दिया।