KNEWS DESK– बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन को 44 महीने बाद फिर जेल जाना होगा। सुप्रीम कोर्ट ने डीएम जी कृष्णैया हत्या मामले में बिहार सरकार की ओर से दी गई सजा में छूट रद्द कर दी है। कोर्ट ने इस छूट को असंवैधानिक बताते हुए आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है।
क्या है पूरा मामला?
5 दिसंबर 1994 को गोपालगंज के डीएम जी कृष्णैया मुजफ्फरपुर से गुजर रहे थे। इसी दौरान अपराधी छोटन शुक्ला की हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रही भीड़ ने उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया। भीड़ की पिटाई से कृष्णैया की मौत हो गई। इस मामले में आनंद मोहन को आरोपी बनाया गया था।
2007 में निचली अदालत ने उन्हें मौत की सजा सुनाई, जिसे 2008 में पटना हाई कोर्ट ने उम्रकैद में बदल दिया। सुप्रीम कोर्ट से भी उन्हें राहत नहीं मिली।
2023 में मिली थी जेल से रिहाई
2023 में बिहार सरकार ने जेल कानून, 2012 में बदलाव किया। इसके तहत सरकारी कर्मचारियों की हत्या के मामलों में दोषियों को भी सजा में छूट का प्रावधान किया गया। इसी बदलाव के तहत आनंद मोहन को अप्रैल 2023 में जेल से रिहा किया गया।
सुप्रीम कोर्ट ने क्यों रद्द की रिहाई?
जी कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने रिहाई को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। उनकी ओर से चार प्रमुख दलीलें दी गईं—आनंद मोहन ने जरूरी 20 साल की वास्तविक सजा पूरी नहीं की थी, पुराने आपराधिक रिकॉर्ड छिपाए गए, पैरोल की अवधि को सजा में जोड़ा गया और डीएम की हत्या की गंभीरता को नजरअंदाज किया गया।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि रिहाई से पहले पीड़ित पक्ष को अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया गया। कोर्ट ने बिहार सरकार के फैसले को असंवैधानिक बताते हुए आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया।