APO भर्ती में बड़ा उलटफेर, हाईकोर्ट ने रद्द किया प्रीलिम्स रिजल्ट; अब दोबारा बनेगी मेरिट लिस्ट

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) प्रारंभिक परीक्षा 2025 के परिणाम को रद्द कर दिया है। कोर्ट ने आयोग के 9 जनवरी 2020 के कार्यालय ज्ञापन (Office Memorandum-OM) को भी निरस्त कर दिया है। जस्टिस मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने पंकज वर्मा और अन्य की ओर से दाखिल याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया।

आरक्षित अभ्यर्थियों को लेकर कोर्ट ने क्या कहा?

कोर्ट ने कहा कि प्रारंभिक परीक्षा भले ही छंटनी परीक्षा हो, लेकिन मुख्य परीक्षा में शामिल होने का रास्ता इसी के जरिए खुलता है। ऐसे में मेरिट में आने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को ओपन लिस्ट में शामिल नहीं करना संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 के अनुरूप नहीं है।

जस्टिस मनीष कुमार निगम ने यह भी स्पष्ट किया कि आरक्षण नीति और उससे जुड़े नियम तय करने का अधिकार राज्य सरकार और विधानमंडल के पास है। कोर्ट के अनुसार, आयोग को 9 जनवरी 2020 का कार्यालय ज्ञापन जारी करने का अधिकार नहीं था। इसी आधार पर इस OM को भी रद्द कर दिया गया।

अब दोबारा बनेगी APO की मेरिट लिस्ट

हाईकोर्ट ने 30 अप्रैल 2026 को घोषित APO प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को निरस्त करते हुए UPPSC को नियमानुसार नई मेरिट लिस्ट तैयार करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा है कि नई मेरिट लिस्ट के आधार पर मुख्य परीक्षा का आयोजन नए सिरे से किया जाए।

2856 अभ्यर्थी हुए थे सफल

यह भर्ती कुल 182 पदों के लिए आयोजित की जा रही है। 30 अप्रैल 2026 को घोषित प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में 2856 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था और उन्हें मुख्य परीक्षा के लिए योग्य माना गया था। इससे पहले सितंबर 2026 में हाईकोर्ट ने अंतिम फैसला आने तक मुख्य परीक्षा के परिणाम घोषित करने पर रोक लगा दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *