बैणी-भुली योजना पर उत्तराखंड में सियासी टकराव, कांग्रेस ने उठाए सवाल तो BJP ने किया पलटवार

Knews Desk- उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से घोषित बैणी-भुली योजना को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं. कांग्रेस ने इसे चुनाव से पहले महिलाओं को आर्थिक मदद देकर वोट हासिल करने की कोशिश बताया है, जबकि बीजेपी ने योजना को महिला सशक्तीकरण की दिशा में अहम कदम करार दिया है.

बैणी-भुली योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से जुड़ी करीब 5.23 लाख ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है. योजना के अनुसार, पात्र महिलाओं को कुल 20 हजार रुपये दो किस्तों में दिए जाएंगे. पहली किस्त 10 हजार रुपये की होगी, जबकि दूसरी किस्त में भी इतनी ही राशि दी जाएगी.

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने योजना की घोषणा पर सवाल उठाए हैं. हरीश रावत ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर यह योजना इतनी प्रभावी है तो पिछले पांच साल में इसे लागू क्यों नहीं किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार विकास और जनहित के कामों के बजाय चुनाव के समय अलग-अलग वर्गों के खातों में पैसा भेजकर राजनीतिक फायदा उठाने की रणनीति अपना रही है.

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि योजना को लेकर अभी तक शासनादेश जारी नहीं हुआ है. उन्होंने बीजेपी के इस दावे पर भी सवाल उठाया कि बैणी-भुली योजना चुनाव में गेम चेंजर साबित होगी. गोदियाल के मुताबिक, केवल घोषणाएं करने से जनता का भरोसा नहीं जीता जा सकता.

महिलाओं के हित में काम कर रही सरकार: बीजेपी

कांग्रेस के आरोपों पर बीजेपी की मीडिया प्रवक्ता लक्ष्मी अग्रवाल ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार लगातार जनहित के फैसले ले रही है. महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं.

लक्ष्मी अग्रवाल ने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब पार्टी सत्ता में थी, तब उसे महिलाओं की चिंता क्यों नहीं हुई. उन्होंने कांग्रेस को सलाह दी कि सरकार की योजनाओं पर सवाल उठाने के बजाय अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने पर ध्यान दे.

बैणी-भुली योजना को लेकर शुरू हुई बहस के बीच अब सबकी नजर इसके क्रियान्वयन पर है. 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं के लिए घोषित यह योजना उत्तराखंड की राजनीति में अहम मुद्दा बनती नजर आ रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *