CJP के सह-संयोजक सौरव दास के पासपोर्ट में जन्मस्थान से जुड़ी जानकारी को लेकर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने शो-कॉज नोटिस जारी किया है। नोटिस में उन्हें संबंधित दस्तावेजों के साथ स्पष्टीकरण देने को कहा गया है और जवाब मिलने तक पासपोर्ट से विदेश यात्रा न करने की सलाह दी गई है।
Knews Desk – कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के सह-संयोजक सौरव दास के पासपोर्ट को लेकर विवाद सामने आया है। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने उनके पासपोर्ट में दर्ज जन्मस्थान से जुड़ी जानकारी को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है।
रिपोर्टों के मुताबिक, अलग-अलग दस्तावेजों में जन्म संबंधी जानकारी के मेल न खाने की बात सामने आने के बाद पासपोर्ट कार्यालय ने दस्तावेजों के दोबारा सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की है। सौरव दास का पासपोर्ट 21 अगस्त 2019 को चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से जारी हुआ था।
7 दिन में जवाब देने का निर्देश
सौरव दास को 23 नवंबर को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया। इसमें उनसे जन्मस्थान से संबंधित जानकारी पर उचित स्पष्टीकरण और सहायक दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया है।
नोटिस में जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया गया है। साथ ही उन्हें सलाह दी गई है कि जब तक वह अपना जवाब दाखिल नहीं कर देते, तब तक इस पासपोर्ट का इस्तेमाल यात्रा के लिए न करें।
जवाब नहीं दिया तो पासपोर्ट जब्त होने की कार्रवाई संभव
रिपोर्ट के मुताबिक, नोटिस में यह भी कहा गया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में पासपोर्ट अधिनियम के तहत पासपोर्ट जब्त किए जाने की कार्रवाई हो सकती है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, अलग-अलग दस्तावेजों में जन्मतिथि, जन्मस्थान और पिता के नाम से जुड़ी कथित विसंगतियों के आधार पर दोबारा सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की गई है। हालांकि, इस मामले में अंतिम स्थिति सौरव दास के जवाब और पासपोर्ट कार्यालय की आगे की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगी।
यह मामला उस घटनाक्रम के बाद सामने आया है जब सौरव दास को 23 नवंबर की रात दिल्ली एयरपोर्ट से लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया था।
दास का कहना है कि उन्हें ब्रिटेन में ऑक्सफोर्ड, कैंब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और एडिनबर्ग से जुड़े कार्यक्रमों में बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें राजनीतिक गतिविधियों के कारण विदेश जाने से रोका गया।
सौरव दास ने सरकार पर लगाए आरोप
सौरव दास ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दावा किया कि उन्हें लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने इसे सरकार की कार्रवाई बताते हुए आरोप लगाया कि उनके विदेश जाने से सरकार को परेशानी थी।
दास का कहना है कि उन्होंने पहले भी इसी पासपोर्ट से विदेश यात्रा की है और उन्हें पहले कभी इस तरह की परेशानी नहीं हुई। उनका दावा है कि उन्हें शो-कॉज नोटिस की जानकारी फ्लाइट से कुछ घंटे पहले मिली।
फिलहाल सौरव दास के पास सात दिन के भीतर पासपोर्ट कार्यालय को जवाब देने का समय है। इसके बाद क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय उनके स्पष्टीकरण और दस्तावेजों की जांच करेगा।
इस बीच, विदेश यात्रा रोके जाने के मामले को लेकर सौरव दास ने दिल्ली हाईकोर्ट का भी रुख किया है। इस मामले पर 26 नवंबर को सुनवाई होनी है।