KNEWS DESK– बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी के मौके पर आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता भारी भीड़ के चलते स्थगित कर दी गई। प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग अनंत सिंह के नदावां गांव पहुंचे थे। मैदान में भीड़ इतनी बढ़ गई कि घोड़ों की रेस कराना मुश्किल हो गया। इसके बाद अनंत सिंह ने खुद मैदान में पहुंचकर माइक से प्रतियोगिता स्थगित करने का ऐलान किया।
अनंत सिंह ने लोगों से कहा कि अब घुड़दौड़ नहीं होगी और सभी लोग आराम से मैदान में घूम सकते हैं। हालांकि उन्होंने साफ किया कि प्रतियोगिता रद्द नहीं की गई है और इसे बाद में कराया जाएगा। शिवांगी सिंह की शादी के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर आसपास के इलाकों में पहले से काफी उत्साह था। मुकाबले के विजेता को महिंद्रा थार कार इनाम में दी जानी थी। इसी इनाम के चलते प्रतियोगिता देखने और इसमें हिस्सा लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
प्रतियोगिता में कई घोड़ों ने हिस्सा लिया और मुकाबला अंतिम दौर तक पहुंच गया था। फाइनल रेस देखने के लिए मैदान में लगातार भीड़ बढ़ती गई। स्थिति ऐसी हो गई कि मैदान में पैर रखने तक की जगह नहीं बची और घोड़ों को दौड़ाने के लिए जरूरी स्थान भी नहीं मिल पा रहा था।
बढ़ती भीड़ और व्यवस्था को देखते हुए अनंत सिंह ने खुद जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने माइक से प्रतियोगिता रोकने का ऐलान किया। आयोजकों के मुताबिक फाइनल मुकाबला बाद में कराया जाएगा। फिलहाल भीड़ की स्थिति सामान्य होने का इंतजार किया जाएगा। बेटी की शादी में आयोजित यह कार्यक्रम भारी भीड़ के कारण चर्चा में आ गया है।