राजस्थान में कांग्रेस की बड़ी जीत, 3 जिलों में जिला प्रमुख निर्विरोध, 21 साल की संतोष कुमारी बनीं सबसे युवा

राजस्थान के 37 जिलों में आज बुधवार को जिला प्रमुख के चुनाव हो रहे हैं। दौसा, सवाई माधोपुर और जैसलमेर में कांग्रेस ने निर्विरोध जीत दर्ज कर ली है। जैसलमेर में 21 साल की संतोष कुमारी जिला प्रमुख बनी हैं, जिन्हें राजस्थान की सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख बताया जा रहा है। वहीं दौसा में विधायक डीडी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा और सवाई माधोपुर में पूर्व मंत्री अशोक बैरवा की पत्नी आशा देवी ने जीत दर्ज की है।

Knews Desk – राजस्थान में जिला परिषद चुनाव के बाद आज 37 जिलों में जिला प्रमुख के चुनाव हो रहे हैं। दौसा, सवाई माधोपुर और जैसलमेर में कांग्रेस ने निर्विरोध जीत दर्ज कर ली है। जैसलमेर में 21 साल की संतोष कुमारी ने जिला प्रमुख का चुनाव निर्विरोध जीता है। दावा किया जा रहा है कि वह राजस्थान की सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख हैं।

दौसा में विधायक डीडी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा जिला प्रमुख चुनी गई हैं। वहीं सवाई माधोपुर में कांग्रेस ने पूर्व मंत्री अशोक बैरवा की पत्नी आशा देवी को जिला प्रमुख बनाने में सफलता हासिल की है। अब तक कांग्रेस के अलावा बीजेपी या किसी अन्य दल का खाता नहीं खुला है।

बीकानेर में जिला प्रमुख के चुनाव को लेकर मुकाबला दिलचस्प हो गया है। यहां कांग्रेस विधायक सुशीला डूडी की बहू निकिता कांग्रेस की उम्मीदवार हैं। वहीं पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल की बेटी ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया है। खास बात यह है कि बीजेपी उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। ऐसे में यहां मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार और निर्दलीय उम्मीदवार के बीच है।

चूरू में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की बहू कनिका सिंह बीजेपी के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। वहीं जयपुर में कांग्रेस ने यूथ कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष रह चुके यशवीर सूरा को अपना उम्मीदवार बनाया है।

जिला प्रमुख के चुनाव के दौरान कुछ जिलों में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तनाव की स्थिति भी देखने को मिली। भरतपुर कलेक्ट्रेट के बाहर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए। इसके बाद शपथ लेने वाले कांग्रेस सदस्यों को सुरक्षा के बीच कलेक्ट्रेट हॉल ले जाया गया। इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की।

भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट में भी जिला प्रमुख के लिए वोटिंग से पहले बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तनाव देखने को मिला। दोनों पक्षों के बीच पहले बिल्डिंग में प्रवेश को लेकर बहसबाजी हुई और इसके बाद धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।

राजस्थान जिला परिषद चुनाव की प्रक्रिया में एक ही दिन नॉमिनेशन, वोटिंग और नतीजे घोषित किए जा रहे हैं। नॉमिनेशन प्रक्रिया सुबह 10 बजे से 11 बजे तक चली। उम्मीदवारों को नामांकन वापस लेने के लिए दोपहर 1 बजे तक का समय दिया गया। इसके बाद वोटिंग शुरू हुई और मतदान खत्म होते ही काउंटिंग की जाएगी। इसके बाद जिला प्रमुख के चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *