मोदी कैबिनेट के 5 बड़े फैसले, असम में बनेगा नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट

KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में विकास और बुनियादी ढांचे से जुड़े पांच बड़े फैसलों को मंजूरी दी गई। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इन परियोजनाओं पर कुल 19,934 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें घरेलू स्तर पर बड़ी निर्माण मशीनों के उत्पादन से लेकर एयरपोर्ट और कंटेनर टर्मिनल के विकास तक कई अहम योजनाएं शामिल हैं।

कैबिनेट ने कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम स्कीम को मंजूरी दी है। इसके लिए 11,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। आठ साल की इस योजना के तहत क्रेन, बुलडोजर, एक्सकेवेटर, टनल-बोरिंग मशीन और ऑफ-हाइवे ट्रक जैसे उपकरणों के घरेलू निर्माण को बढ़ावा दिया जाएगा। इसका उद्देश्य आयात पर निर्भरता कम करना है।

इसके अलावा तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना के लिए 4,288 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। वहीं असम के सिलचर के डोलू में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाया जाएगा। इसके लिए 2,014 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

कैबिनेट ने डाक विभाग की पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम को भी मंजूरी दी है। इस पर 1,141 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही डाक विभाग की एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम को मंजूरी मिली है, जिसके लिए 1,491 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इन फैसलों से देश में निर्माण क्षमता बढ़ाने, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *