‘हमें 3 डिजिट में सीट मिले..’ सपा-कांग्रेस सीट बंटवारे पर बढ़ी तकरार, कांग्रेस ने ठुकराया 26 सीटों का ऑफर

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर तकरार बढ़ गई है। सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की बात सामने आई है, जिसे कांग्रेस ने खारिज कर दिया है। यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस को दो नहीं, बल्कि तीन डिजिट में सीटें मिलनी चाहिए।

100 से ज्यादा सीटों पर कांग्रेस की दावेदारी

राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस 26 सीटों पर समझौता नहीं करेगी और कम से कम 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग कर रही है। उन्होंने इमरान मसूद की नाराजगी को जायज बताते हुए कहा कि उनकी बात को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव का हवाला देते हुए दोनों दलों से संयम बरतने की अपील की।

सपा बोली- 26 की सूची तैयार

वहीं सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने कहा कि 26 सीटों की सूची तैयार है और बातचीत में अधिकतम दो से चार सीटें बढ़ सकती हैं। उन्होंने कांग्रेस से अपनी सीमा में रहने की बात कही और राहुल गांधी से अखिलेश यादव से बातचीत करने की अपील की।

इमरान मसूद ने सपा पर साधा निशाना

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा के उम्मीदवार घोषित करने के फैसले पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सपा गठबंधन के प्रति गंभीर नहीं दिख रही है। उनका सवाल था कि जब दिल्ली में बातचीत चल रही है तो लखनऊ से उम्मीदवारों की घोषणा क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा कि आगे का फैसला कांग्रेस नेतृत्व करेगा।

सपा ने जीती सीटों पर उम्मीदवार उतारने की दी दलील

सपा सांसद रामजी लाल सुमन ने कहा कि पहली सूची में उन्हीं सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए गए हैं, जहां सपा के विधायक हैं। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच बातचीत सकारात्मक रही है और व्यावहारिक तरीके से सोचने पर गठबंधन जल्द हो सकता है। वहीं डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने सपा-कांग्रेस गठबंधन को ‘बेमेल शादी’ बताया और दावा किया कि यूपी की जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *