Knews Desk- दुबई में भारतीय महिला कंचना नायर का साड़ी पहनकर 10 किलोमीटर दौड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लाल साड़ी, हरी ब्लाउज और बालों में सफेद गजरा लगाए कंचना ने दुबई रन 2026 में 10 किलोमीटर की दौड़ पूरी की। उनके इस अंदाज को देखकर लोग उनकी फिटनेस और हौसले की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
https://www.instagram.com/reel/DfPbFwEIUXr/?utm_source=ig_web_copy_link&fqnt=NTc4MTIwNjQ2YQ==
कंचना नायर मूल रूप से केरल की रहने वाली हैं और पिछले 14 साल से दुबई में रह रही हैं। उन्होंने करीब दो साल पहले अजमान में अपनी खुद की रियल एस्टेट कंपनी शुरू की थी। रनिंग उनका पुराना शौक है और वह कई वर्षों से दौड़ती आ रही हैं। वह हाफ मैराथन में भी हिस्सा ले चुकी हैं। इस बार यह उनका पांचवां दुबई रन था।
कंचना ने इस आयोजन से पहले भी साड़ी पहनकर एक अलग अंदाज में अपनी फिटनेस का प्रदर्शन किया था। 1 नवंबर को केरल स्थापना दिवस यानी केरल पिरावी के मौके पर उन्होंने ‘दुबई राइड’ इवेंट में केरल साड़ी पहनकर साइकिल चलाई थी। खास बात यह थी कि उनके पास साइकिल नहीं थी और उन्होंने इवेंट से एक रात पहले ही गुलाबी रंग की साइकिल खरीदी थी। साल 2000 में स्कूल के बाद उन्होंने साइकिल नहीं चलाई थी। इसके बावजूद उन्होंने साड़ी पहनकर बिल्डिंग के अंदर अभ्यास किया और अगले दिन शेख जायद रोड पर साइकिल चलाई।
https://www.instagram.com/reel/DfPbFwEIUXr/?utm_source=ig_web_copy_link&fqnt=NTc4MTIwNjQ2YQ==
इसके बाद 22 नवंबर को आयोजित दुबई रन 2026 में कंचना ने लाल साड़ी पहनकर 10 किलोमीटर की दौड़ पूरी की। उन्होंने बताया कि लाल साड़ी चुनने का मकसद UAE के 55वें नेशनल डे से पहले देश को ट्रिब्यूट देना था। कंचना ने UAE को अपना दूसरा घर बताते हुए कहा कि इस देश ने उन्हें कई अवसर, हिम्मत और यादें दी हैं।
दुबई रन में 3.1 लाख से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया था। जहां 5 किलोमीटर का रूट भीड़ के बीच लोकप्रिय रहा, वहीं कंचना ने 10 किलोमीटर का चुनौतीपूर्ण रूट चुना। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर लाखों बार देखा जा चुका है। लोग उनके साथ तस्वीरें भी लेते नजर आए। सोशल मीडिया यूजर्स ने कंचना के आत्मविश्वास, फिटनेस और भारतीय पहनावे के प्रति गर्व की जमकर तारीफ की।