PM मोदी ने बालेन्द्र शाह को भेंट किया त्रिवेणी का पवित्र जल, नेपाली PM ने दिया रुद्राक्ष-चंदन

KNEWS DESK- भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच सोमवार को अहम मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच खास धार्मिक उपहारों का भी आदान-प्रदान हुआ, जो भारत और नेपाल के गहरे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाता है।

PM मोदी ने भेंट किया त्रिवेणी का गंगाजल

द्विपक्षीय बैठक से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को एक विशेष कलश में त्रिवेणी संगम से लाया गया पवित्र गंगाजल भेंट किया। वहीं, बालेन्द्र शाह ने प्रधानमंत्री मोदी को काठमांडू के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर से लाया गया रुद्राक्ष, चंदन और शालिग्राम भेंट किया। पशुपतिनाथ मंदिर का रुद्राक्ष काफी प्रसिद्ध माना जाता है।

राष्ट्रपति भवन में मिला गार्ड ऑफ ऑनर

सोमवार को राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में बालेन्द्र शाह को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया। शाह ने भारतीय सेना की टुकड़ी द्वारा प्रस्तुत गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। इसके बाद वह राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने विजिटर्स बुक में अपने विचार भी लिखे।

हैदराबाद हाउस में हुई द्विपक्षीय वार्ता

इसके बाद नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी और बालेन्द्र शाह के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। दोनों नेताओं ने भारत-नेपाल संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा की। बातचीत में व्यापार, ऊर्जा, जलविद्युत, निवेश, बुनियादी ढांचे और सीमा-पार कनेक्टिविटी जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

अयोध्या-जनकपुर ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

वार्ता के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने वर्चुअली सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन अयोध्या धाम और जनकपुर धाम को जोड़ेगी। करीब 604 किलोमीटर की यह साप्ताहिक ट्रेन 28 नवंबर से नियमित रूप से चलेगी। बालेन्द्र शाह अपनी दो दिवसीय राजकीय यात्रा के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह काठमांडू रवाना होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *