राष्ट्रपति भवन में बालेन्द्र शाह को गार्ड ऑफ ऑनर, PM मोदी से हुई अहम बैठक

KNEWS DESK- नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा के दौरान सोमवार को राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया गया। उन्हें फोरकोर्ट में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसका उन्होंने निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया। मार्च 2026 में पदभार संभालने के बाद बालेन्द्र शाह की यह भारत की पहली आधिकारिक द्विपक्षीय यात्रा है। वह 22 नवंबर को पीएम मोदी के आमंत्रण पर दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर दिल्ली पहुंचे थे।

राजघाट पहुंचे बालेन्द्र शाह

औपचारिक स्वागत के बाद नेपाल के प्रधानमंत्री राजघाट पहुंचे, जहां उन्होंने महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की और विजिटर्स बुक में अपने विचार लिखे। इसके बाद नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता हुई। दोनों नेताओं ने भारत-नेपाल संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा की और क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

व्यापार, ऊर्जा और कनेक्टिविटी पर चर्चा

बैठक में आर्थिक संबंधों को मजबूत करने, कनेक्टिविटी बढ़ाने और ऊर्जा, बुनियादी ढांचे तथा निवेश के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। एजेंडे में व्यापार, जलविद्युत, सीमा-पार परिवहन, रेल और हवाई कनेक्टिविटी तथा बुनियादी ढांचे का विकास प्रमुख मुद्दे रहे। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास से जुड़े समझौतों और सहमति पत्रों के आदान-प्रदान की भी उम्मीद है।

अयोध्या-जनकपुर ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

वार्ता के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने दिल्ली से वर्चुअली सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन अयोध्या धाम और जनकपुर धाम को जोड़ती है। करीब 604 किलोमीटर की यह साप्ताहिक ट्रेन 28 नवंबर से नियमित रूप से चलेगी।

यात्रा के दौरान बालेन्द्र शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह सोमवार शाम काठमांडू के लिए रवाना होंगे। भारत-नेपाल के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों को मजबूत करने की दिशा में इस यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *