Knews Desk – ‘बिग बॉस 20’ के घर में इन दिनों हर रोज तीखी बहस और नए-नए ट्विस्ट देखने को मिल रहे हैं। हाल ही में रविवार के ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में एक बेहद भावुक पल आया। शो में पहले वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री करने वाले टीवी एक्टर मनीष गोयल ने पैर में गंभीर चोट के चलते शो से बाहर होने का फैसला लिया। 10 अक्टूबर को शो में कदम रखने वाले मनीष ने घर के भीतर करीब 40 दिनों का सफर तय किया, लेकिन स्वास्थ्य कारणों और डॉक्टरों की सलाह को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने बीच में ही शो को अलविदा कह दिया।
दरअसल, चोट की वजह से मनीष गोयल के पैर में काफी दर्द था और वे ठीक से चल भी नहीं पा रहे थे। डॉक्टरों ने उन्हें साफ तौर पर चार हफ्ते तक आराम करने की सलाह दी है। चूंकि शो के फिनाले में अब कुछ ही हफ्ते बचे हैं, ऐसे में चार हफ्ते के आराम के बाद शो में वापसी का कोई मतलब नहीं रह जाता। ‘वीकेंड का वार’ में होस्ट सलमान खान से बात करते हुए मनीष ने अपनी सेहत को सबसे ऊपर रखते हुए कहा, “यहां से बाहर निकलकर कुछ अच्छा ही लिखा होगा मेरे लिए। बस सबसे इंपॉर्टेंट ये है कि ये पहले ठीक हो जाए। चार हफ्ते का रेस्ट क्लियरली बोला है, तो मैंने बिग बॉस से रिक्वेस्ट की।”
मनीष के इस फैसले पर सलमान खान ने न सिर्फ उनकी सराहना की, बल्कि घरवालों के सामने एक बड़ा राज भी खोला। सलमान ने स्पष्ट किया कि मनीष को इस हफ्ते दर्शकों के सबसे कम वोट नहीं मिले थे और अगर वे खुद शो छोड़ने का फैसला न लेते, तो किसी दूसरे नॉमिनेटेड कंटेस्टेंट को घर से बेघर होना पड़ता। सलमान ने कहा, “मनीष, आपकी तरफ से बड़ा ही सपोर्टिंग जेस्चर है ये, क्योंकि आप सबको मैं बताना चाहूंगा, मनीष को इस हफ्ते लोएस्ट वोट्स नहीं मिले थे। तो आप में से कोई और जाता अगर यह ऑप्ट आउट नहीं करते।” सलमान के इस खुलासे के बाद सभी नॉमिनेटेड कंटेस्टेंट्स सुरक्षित हो गए।
सलमान खान ने शो में मनीष गोयल के सफर की भी जमकर तारीफ की और कहा कि घरवाले उन्हें बहुत याद करेंगे। सलमान ने कहा, “मनीष, आप जैसा कोई नहीं देखा हमने अक्रॉस सीजन्स और ये घर तो आपको मिस करेगा और बाहर आएंगे तो आपको पता चलेगा कि आपने घर में क्या-क्या हंगामा किया है। आपको अपने ही मीम्स देखकर बहुत मजा आएगा।”
बातचीत के आखिर में मनीष भावुक हो गए और उन्होंने सलमान से गुजारिश की कि वे बस इतना कह दें कि शो में उनका सफर बोरिंग नहीं था। इस पर सलमान ने कहा कि उन्होंने पूरे सफर में दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया है। उन्होंने कहा, “आप बिल्कुल भी बोरिंग नहीं थे यार। आप बाहर आओ, खुद देख लोगे।”
इसके बाद यंग डीएसए की मदद से घर के अंदर जाकर मनीष ने सभी साथियों से विदा ली। स्वास्थ्य कारणों से शो छोड़ने वाले मनीष गोयल का करीब 40 दिनों का बिग बॉस सफर इसी भावुक अंदाज में खत्म हो गया।