knews desk – 25 नवंबर को मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी होने वाली है। शादी समारोह को भव्य और खास बनाने के लिए कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। एक तरफ घुड़दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम विजेता को थार गाड़ी देने की तैयारी है, तो दूसरी ओर सैकड़ों कलाकार लोगों का मनोरंजन करेंगे। इस शाही शादी के बीच RJD के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने बड़ा सवाल उठाया है।
शिवानंद तिवारी ने रविवार, 22 नवंबर 2026 को अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट लिखी। इसमें उन्होंने बिहार की गरीबी और शादी के भव्य आयोजन को लेकर सवाल उठाया। हालांकि, अपनी पोस्ट में उन्होंने कहीं भी अनंत सिंह का नाम नहीं लिखा है। इसके बावजूद लोग उनकी इस प्रतिक्रिया को अनंत सिंह की बेटी की शादी से जोड़कर देख रहे हैं।
शिवानंद तिवारी ने लिखा कि बिहार देश के सबसे गरीब राज्यों में है। उन्होंने कहा कि बड़ी-बड़ी सड़कें बन गई हैं और राजधानी में विकास का तामझाम भी दिखाई देता है, लेकिन समाज की वास्तविक स्थिति बेहद खराब है। उनके मुताबिक, राज्य के 40 से 45 प्रतिशत बच्चों को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता। उम्र के हिसाब से उनकी लंबाई नहीं बढ़ती और लंबाई के अनुपात में उनका वजन भी नहीं होता।
उन्होंने आगे कहा कि बिहार जैसे गरीब राज्य में एक शादी के नाम पर जिस तरह धन और वैभव का प्रदर्शन हो रहा है, वह अश्लील लगता है। उन्होंने इसे बिहार की गरीबी का मजाक उड़ाने जैसा बताया और कहा कि यह गरीबों के जले पर नमक छिड़कने के समान है।
शिवानंद तिवारी ने अपने फेसबुक पोस्ट में समारोह में बड़े-बड़े लोगों, मंत्रियों और संभवतः मुख्यमंत्री के शामिल होने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग इस धन के प्रदर्शन में शामिल होकर अनजाने में ही उसे सामाजिक और सार्वजनिक वैधता प्रदान करेंगे।
उन्होंने लिखा कि विडंबना यह है कि हमारे समाज में अश्लीलता पर ताली बजाना ही सामाजिक चरित्र बनता जा रहा है।
हालांकि, शिवानंद तिवारी ने अपनी पूरी पोस्ट में अनंत सिंह या उनकी बेटी की शादी का सीधे तौर पर नाम नहीं लिया है। लेकिन शादी समारोह में होने वाले भव्य आयोजनों और उनके बयान के बीच लोग इसे इसी शादी से जोड़कर देख रहे हैं।