NDA में सीट बंटवारे से पहले घमासान, अतरौलिया पर दो सहयोगियों का दावा

knews desk – उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले NDA में सीटों को लेकर सहयोगियों के बीच खींचतान शुरू हो गई है। सीटों को लेकर NDA के सहयोगी दल SBSP के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर और निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के बीच रार सामने आई है। दरअसल, दोनों नेताओं के बीच आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा समेत चार सीटों को लेकर ठनी हुई है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, निषाद पार्टी अध्यक्ष संजय निषाद ने आजमगढ़ की चार सीटों पर दावा ठोका है, इनमें अतरौलिया भी शामिल है। संजय निषाद ने अतरौलिया सीट पर ओम प्रकाश राजभर के एकतरफा दावे पर सवाल उठाया है। उनका तर्क है कि गठबंधन के भीतर सीटों का बंटवारा अभी तक तय नहीं हुआ है, इसलिए सहयोगियों के बीच आपसी बातचीत के बिना किसी एक पार्टी का इस सीट पर दावा नहीं माना जा सकता। दूसरी तरफ SBSP प्रमुख ओम प्रकाश राजभर भी अतरौलिया पर दावेदारी कर रहे हैं। ऐसे में अतरौलिया सीट पर NDA के दो सहयोगी आमने-सामने हैं।

संजय निषाद के अनुसार, अतरौलिया सीट पर निषाद पार्टी का जायज दावा बनता है, क्योंकि 2022 के चुनाव में भी उन्होंने यहां से चुनाव लड़ा था। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत सिंह को संभावित उम्मीदवार के रूप में पेश किया है और कार्यकर्ताओं को तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया है। इस मामले को उन्होंने BJP नेतृत्व के सामने भी उठाया है।

वहीं, SBSP प्रमुख ओम प्रकाश राजभर अतरौलिया सीट से अपने बेटे अरुण राजभर को मैदान में उतारने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने साफ कहा है कि उनकी पार्टी अतरौलिया सीट पर अपने दावे से पीछे नहीं हटेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम फैसला गठबंधन के सभी सहयोगी दल मिलकर लेंगे।

बीजेपी और उसके सहयोगियों के बीच सीट-बंटवारे को लेकर अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। निषाद पार्टी का कहना है कि औपचारिक गठबंधन प्रक्रिया के बिना एकतरफा दावे नहीं किए जाने चाहिए और उन्होंने इस मुद्दे को बीजेपी नेतृत्व के सामने भी उठाया है। अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के डॉ. संग्राम यादव विधायक रहे हैं और इस सीट पर समाजवादी पार्टी की मजबूत पकड़ मानी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *