knews desk – कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे पारिवारिक गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो सीधे-साधे युवकों को शादी के जाल में फंसाकर नकदी और जेवरात हड़पने का आरोप है। तीसरे पति द्वारा 16 लाख रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार होने की शिकायत के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रगति और उसके परिजनों समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया कि प्रगति तीन शादियां करने के बाद पिछले चार महीने से एक चौथे युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी और उससे शादी करने की फिराक में थी। गिरफ्तारी के बाद थाने में आरोपी युवती फफक कर रोने लगी और खुद पर झूठे आरोप लगाने की बात कहते हुए आत्मदाह की धमकी देने लगी।
बर्रा इंस्पेक्टर क्षितिज कुमार सिंह ने बताया कि विश्व बैंक डी-ब्लॉक निवासी ऑटो सर्वेयर विशाल विश्वकर्मा की शादी 18 मई 2025 को जूही लाल कॉलोनी निवासी प्रगति से हुई थी। आरोप है कि शादी के एक माह बाद 18 जून 2025 को प्रगति करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और एक लाख रुपये नकद लेकर मायके चली गई।
छानबीन करने पर विशाल को पता चला कि प्रगति की पहली शादी 20 मार्च 2017 को बारादेवी निवासी सोनू विश्वकर्मा से और दूसरी शादी 23 जून 2017 को इटावा निवासी सुमित बाथम से हुई थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने प्रगति का मोबाइल खंगाला तो उसमें तीनों पतियों की तस्वीरें बरामद हुईं।
विशाल ने आरोप लगाया कि 13 अगस्त 2026 को जब वह अपने भाई के साथ प्रगति के पिता अशोक कुमार विश्वकर्मा के घर शिकायत करने पहुंचा, तो परिजनों ने मारपीट की और मामला रफा-दफा करने के लिए 20 लाख रुपये मांगे। रुपये न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि यह पूरा एक संगठित गैंग है, जिसमें परिवार के लोग शामिल हैं। पुलिस ने प्रगति के साथ उसके दत्तक पिता अशोक विश्वकर्मा, मां सीमा, सगी मां सोमवती, मौसी कोमल और मौसा शरद सैनी को गिरफ्तार किया है। वहीं फरार चल रही मौसी ललिता और मामी गोमती विश्वकर्मा की तलाश में दबिश दी जा रही है।