PM मोदी की सोना कम खरीदने की अपील पर बीजेपी का कांग्रेस पर हमला, माफी की मांग

knews desk – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को एक बार फिर देश के लोगों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि पिछली बार भी उन्होंने लोगों से सोने की खरीदारी कम करने की अपील की थी और देशवासियों ने उनकी बात मानी थी, जिसकी वजह से सोने के दाम गिर गए। अब बीजेपी ने इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है और प्रधानमंत्री की अपील को ‘डेथ वारंट’ बताने वाले कांग्रेस नेताओं से माफी मांगने को कहा है।

बीजेपी ने रविवार को कहा कि इस साल की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोने की खरीद टालने की अपील से व्यापारियों को नुकसान से बचाया जा सका। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के लोगों से सोने की खरीद टालने की अपील की थी, तब कांग्रेस ने इसे ‘डेथ वारंट’ करार दिया था और कहा था कि इससे अफरा-तफरी मच गई है।

दरअसल, बीजेपी की यह प्रतिक्रिया ‘चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री’ (CTI) की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को लिखे गए पत्र के बाद आई। CTI ने प्रधानमंत्री को लोगों को सोना न खरीदने की सलाह देने के लिए धन्यवाद दिया। चैंबर ने कहा कि पीएम मोदी की सलाह से लाखों जौहरियों, व्यापारियों और निवेशकों को भारी नुकसान से बचाया जा सका।

CTI के मुताबिक, सोने की कीमत 1.90 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम से गिरकर 1.25 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। यानी सोने की कीमत में 65 लाख रुपये प्रति किलोग्राम की कमी आई। चैंबर ने यह भी कहा कि सोने की कीमतों में आई इस गिरावट से मौजूदा शादी-ब्याह के सीजन में परिवारों को काफी राहत मिली है।

बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों में गिरावट के बीच जिन व्यापारियों ने पीएम मोदी की सलाह मानी, उन्हें प्रति किलोग्राम सोने पर 65 लाख रुपये की बचत हुई। उन्होंने कहा कि अब व्यापारी संगठनों ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया है।

प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को व्यापारियों को गुमराह करने और उनके बीच अफरा-तफरी पैदा करने के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने गांधी-वाड्रा परिवार पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आर्थिक प्रबंधन और सादगीपूर्ण जीवन जीने का पाठ सीखना चाहिए।

दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर 15 मई 2026 को कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने प्रधानमंत्री की सोना खरीदने की अपील और सोने-चांदी पर आयात शुल्क बढ़ाने के फैसले को सर्राफा उद्योग के लिए ‘डेथ वारंट’ बताया था। सुरजेवाला ने तर्क दिया था कि इससे छोटे ज्वैलर्स, कारीगरों और उद्योग से जुड़े लगभग 3.5 करोड़ लोगों की आजीविका पर बुरा असर पड़ेगा और तस्करी बढ़ सकती है।

अब प्रधानमंत्री मोदी की दोबारा की गई अपील और CTI की ओर से दिए गए समर्थन के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए उससे माफी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *