गोंडा में बाबा रामदेव का बड़ा ऐलान, जगद्गुरु रामानंदाचार्य के नाम पर बनेगा विश्वविद्यालय

गोंडा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान योगगुरु स्वामी रामदेव ने जगद्गुरु रामानंदाचार्य के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने महर्षि पतंजलि के नाम पर विद्यालय और विकास कार्यों की भी बात कही। वहीं स्वामी चिदानंद सरस्वती ने सनातन धर्म, युवा पीढ़ी, एआई और योगी सरकार को लेकर अपने विचार रखे।

Knews Desk– स्वामी रामदेव ने गोंडा में राजन जी महाराज की श्रीराम कथा के दौरान जगद्गुरु रामानंदाचार्य के नाम पर विश्वविद्यालय बनाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही जगद्गुरु रामानंदाचार्य के नाम की संपूर्ण कथा भी आयोजित की जाएगी। साथ ही महर्षि पतंजलि के नाम पर विद्यालय और विकास कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि महर्षि पतंजलि की जन्मस्थली गोंडा में है।

स्वामी रामदेव ने सनातन धर्म के नाम पर होने वाली गतिविधियों और धार्मिक मंचों से की जाने वाली बयानबाजी पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सनातन के नाम पर धंधा, पाखंड, आडंबर और अंधविश्वास फैलाना इसकी मूल भावना के खिलाफ है। उन्होंने कथावाचकों से देवी-देवताओं की आपस में तुलना न करने और सभी के प्रति अभेद भाव रखने की अपील की।

उन्होंने जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव खत्म कर सामाजिक समरसता पर जोर दिया। साथ ही देश के विकास के लिए स्वस्थ, विचारवान और चरित्रवान नागरिक तैयार करने को जरूरी बताया।

वहीं स्वामी चिदानंद सरस्वती ने सनातन धर्म को मानवता और भारत की सुरक्षा से जोड़ते हुए कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के साथ सनातन इंटेलिजेंस की भी जरूरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें नए भगीरथ को जन्म देने वाली मां बताया। उन्होंने योगी सरकार की कानून-व्यवस्था की भी प्रशंसा की और समाज से राष्ट्र तथा राम के लिए समर्पित लोगों को चुनने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *