आरोपों का चलन राजनीति गर्म !

उत्तराखंड डेस्क रिपोर्ट, उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। राजनीतिक दल जहां चुनावी रणनीति बनाने में जुटे हैं, वहीं नेताओं से जुड़े पुराने मामले और नए विवाद भी सियासी गलियारों में चर्चा का केंद्र बनते जा रहे हैं, और चुनावी बिसात बिछने के साथ ही नेताओं की मुश्किलें भी बढ़ती नजर आ रही हैं। कहीं गंभीर आरोपों पर एफआईआर दर्ज हो रही है, तो कहीं आर्थिक धोखाधड़ी के आरोपों ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। ताजा मामला पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत से जुड़ा जैनी प्रकरण का है। जहाँ करीब 23 साल पुराने महिला प्रकरण में नया मोड़ आया है। पीड़ित महिला की शिकायत पर असम के गुवाहाटी स्थित महिला थाने में हरक सिंह रावत के खिलाफ 21 धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला ने वर्ष 2002-03 के दौरान नाबालिग अवस्था में यौन शोषण, जबरन बंधक बनाने और साक्ष्य मिटाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले के सामने आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोलना शुरू कर दिया है। वहीं दूसरी ओर देहरादून के पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा और उनके बेटे शाश्वत उनियाल पर वर्ष 2019 से 2023 के बीच नगर निगम की दुकानें आवंटित कराने के नाम पर 23 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं। इस मामले को लेकर कांग्रेस भी भाजपा पर निशाना साध रही है।गौर करने वाली बात यह है कि दोनों ही नेता आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी दावेदारी व राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं। ऐसे में इन विवादों ने सियासी राह में सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी बीच राजनितिक दलों की आपसी बयानबाज़िया भी चरम पर देखने को मिलने लगी है।

उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा चढ़ने लगा है। राजनीतिक दलों के बीच आरोप प्रत्यारोप के साथ पुराने विवाद भी चर्चा में आ गए हैं। एक ओर पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत से जुड़े जैनी प्रकरण में गुवाहाटी के महिला थाने में 21 धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है, तो दूसरी ओर पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा और उनके बेटे पर 23 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं। खास बात यह है कि दोनों नेता आगामी चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक दावेदारी तलाश रहे हैं। जैनी प्रकरण में शिकायतकर्ता महिला ने हरक सिंह रावत पर वर्ष 2002-03 के दौरान नाबालिग अवस्था में यौन शोषण, बंधक बनाने और प्रताड़ित करने समेत गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, सुनील उनियाल गामा और उनके बेटे पर नगर निगम की दुकानें दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लेने और रकम वापस न करने का आरोप है। शिकायतकर्ताओं ने चेक बाउंस होने पर धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं। हालांकि गामा इन आरोपों को खारिज कर रहे हैं। इन मामलों को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने सामने हैं। कांग्रेस ने पूर्व मेयर से सम्बन्धित मामले पर भाजपा को घेरा है तो वही भाजपा ने हरक सिंह रावत पर दर्ज FIR को लेकर निशाना साधा है। जिसके चलते चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

कुल मिलाकर,  साफ है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड की सियासत में आरोप प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। हरक सिंह रावत से जुड़े 23 साल पुराने जैनी प्रकरण मामले में 21 धाराओं में मुकदमा दर्ज होना हो, या पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा और उनके बेटे पर 23 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, दोनों ही घटनाओं ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। एक तरफ भाजपा कांग्रेस को घेर रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस भाजपा पर पलटवार कर रही है। सवाल यही है कि क्या ये मामले कानूनी प्रक्रिया तक सीमित रहेंगे, या चुनावी रणनीति का हिस्सा बनकर जनता के बीच मुद्दा बनेंगे। क्योंकि जनता भी अब नेताओं के नामों और दावों से ज्यादा उनके चरित्र और कामकाज को परख रही है। आने वाले दिनों में जांच की दिशा और दलों का रुख ही तय करेगा कि ये विवाद किसकी राह आसान करेंगे और किसकी मुश्किल बढ़ाने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *