नागपुर में सफर के दौरान धधक उठी बस, 13 यात्रियों में मची अफरा-तफरी; दमकल ने सभी को सुरक्षित बचाया

नागपुर-उमरेड मार्ग पर मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 13 यात्रियों को लेकर जा रही एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस जलकर खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

Knews Desk – यह घटना मंगलवार सुबह करीब 6 बजे नागपुर-उमरेड मार्ग पर हुई। बस नागपुर शहर से उमरेड की ओर जा रही थी और उसमें 13 यात्री सवार थे। अचानक बस से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। आग लगने के बाद बस के अंदर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

आग की सूचना मिलते ही यात्रियों को बस से नीचे उतारा गया। इसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम दमकल की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। अधिकारियों के मुताबिक सभी 13 यात्री सुरक्षित हैं और इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।

घटना के सामने आए वीडियो में बस से काले धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दे रहा है। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में पूरी बस लपटों से घिर गई और बुरी तरह जलकर खाक हो गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *