रिंकू सिंह ने PM मोदी से की मुलाकात, शादी का न्योता देकर लिया आशीर्वाद

भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह रविवार को अपने परिवार के साथ नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी को अपनी शादी का निमंत्रण पत्र दिया। रिंकू सिंह 4 दिसंबर 2026 को समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं।

Knews Desk – रिंकू सिंह अपनी मां बीना देवी, भाई सोनू सिंह और बहन नेहा सिंह के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने पहुंचे। मुलाकात के दौरान उन्होंने पीएम मोदी को शादी समारोह में शामिल होने का न्योता दिया। पीएम मोदी ने रिंकू सिंह की मां बीना देवी का हाल-चाल भी पूछा और परिवार के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी ली।

इस मुलाकात के बाद रिंकू सिंह की शादी में देश के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व के शामिल होने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शादी समारोह में शामिल होने की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पहले CM योगी को भी दिया था निमंत्रण

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज 4 दिसंबर को शादी करने जा रहे हैं। शादी की तैयारियां दोनों परिवारों में चल रही हैं। इससे पहले रिंकू सिंह का परिवार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिला था और उन्हें शादी का निमंत्रण दिया था।

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ के द सेंट्रम होटल में हुई थी। सगाई समारोह में क्रिकेट और राजनीति जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुई थीं। क्रिकेट से जुड़ी व्यस्तताओं के कारण शादी की तारीख कई बार आगे बढ़ी, लेकिन अब दोनों 4 दिसंबर को शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं।

प्रिया सरोज समाजवादी पार्टी की सांसद हैं और उत्तर प्रदेश के मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद वह पहली बार संसद पहुंचीं। वहीं रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज हैं और IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *