टेक-ऑफ के बाद बाहर ही रह गया लैंडिंग गियर, इंडिगो फ्लाइट की पुणे में इमरजेंसी लैंडिंग

KNEWS DESK- गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 0623 में रविवार सुबह टेक-ऑफ के बाद तकनीकी खराबी आ गई। विमान का लैंडिंग गियर अंदर नहीं गया और बाहर ही रह गया, जिसके बाद पुणे एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान में यात्री और क्रू मेंबर समेत कुल 192 लोग सवार थे।

पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को लैंडिंग गियर की समस्या की जानकारी दी। इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर सभी जरूरी आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू किए गए। फायर सर्विस, एम्बुलेंस और अन्य इमरजेंसी टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया।

कम ऊंचाई पर उड़ाया गया विमान

एहतियात के तौर पर विमान को रनवे के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ाया गया, ताकि लैंडिंग गियर की स्थिति को बाहर से देखा जा सके। इसके बाद सुबह करीब 9 बजे विमान पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया।

लैंडिंग के बाद तय आपातकालीन प्रक्रिया के तहत तीन दमकल वाहनों और दो एम्बुलेंस की मदद से विमान को बे नंबर-7 तक ले जाया गया। विमान के सुरक्षित और सामान्य स्थिति में होने की पुष्टि के बाद ATC ने सुबह 9:10 बजे फुल इमरजेंसी हटा ली।

सभी यात्री और क्रू सुरक्षित

इमरजेंसी हटने के बाद एयरोब्रिज जोड़ा गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुणे एयरपोर्ट के डायरेक्टर संतोष धोके ने बताया कि विमान में सवार सभी 192 लोग सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। इंडिगो प्रभावित यात्रियों की गुवाहाटी तक आगे की यात्रा के लिए बेंगलुरु से पुणे तक एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *