जय छठी मइया! संध्या अर्घ्य पर पीएम मोदी ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं

KNEWS DESK- छठ महापर्व के संध्या अर्घ्य के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रकृति-पूजन को समर्पित यह पावन अवसर सभी के जीवन में नई चेतना और स्फूर्ति लेकर आए और समाज में सद्भाव एवं समरसता को और मजबूत करे।

पीएम मोदी ने सोशल साइट एक्स पर लिखा कि सभी देशवासियों को महापर्व छठ के संध्या अर्घ्य की अनेकानेक शुभकामनाएं। उन्होंने सूर्यदेव की कृपा से सभी के जीवन के आलोकित होने की कामना की। अपने संदेश के अंत में उन्होंने ‘जय छठी मइया’ कहा।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी छठ महापर्व पर व्रतियों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ हमारी संस्कृति की अनूठी परंपरा है, जिसमें उगते सूर्य के साथ-साथ अस्ताचलगामी सूर्य को भी अर्घ्य देकर सम्मान दिया जाता है। उन्होंने भगवान भास्कर और छठी मइया से सभी के जीवन में सुख और आरोग्य बनाए रखने की कामना की।

लखनऊ में गोमती तट पर आयोजित संध्या अर्घ्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए। उन्होंने छठ महापर्व के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।

वहीं, कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी देशवासियों को छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सूर्य उपासना का यह महापर्व सभी के जीवन को आलोकित करे और नई ऊर्जा लेकर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *