यूपी में गठबंधन की सीट शेयरिंग पर बड़ा मंथन, अमित शाह ने संभाली बातचीत की कमान

KNEWS DESK– उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने अपने सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू कर दी है। इस पूरी कवायद की कमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संभाली है। सहयोगी दल पिछली बार के मुकाबले इस बार ज्यादा सीटों की मांग कर रहे हैं। ऐसे में बीजेपी के सामने गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर सहमति बनाने की चुनौती है।

संजय निषाद से अमित शाह की मुलाकात

शुक्रवार को दिल्ली में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने अमित शाह से मुलाकात की। बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति और सीट बंटवारे को लेकर चर्चा हुई। बीजेपी की कोशिश है कि चुनाव से पहले एनडीए के सभी सहयोगी दलों के साथ सीटों पर सहमति बना ली जाए।

आने वाले दिनों में गठबंधन के अन्य दलों के नेताओं के साथ भी बैठकें प्रस्तावित हैं। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर से भी जल्द मुलाकात हो सकती है। इसके अलावा अपना दल और राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्षों के साथ बातचीत की तैयारी है।

सहयोगी दल मांग रहे ज्यादा सीटें

बीजेपी के सहयोगी दल इस बार पिछले चुनाव की तुलना में ज्यादा सीटें चाहते हैं। गठबंधन में शामिल दलों का मानना है कि उनकी राजनीतिक ताकत और अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभाव के हिसाब से उन्हें ज्यादा सीटें मिलनी चाहिए। ऐसे में बीजेपी को सहयोगियों की मांग और चुनावी समीकरणों के बीच संतुलन बनाना होगा।

निषाद पार्टी, सुभासपा, अपना दल और आरएलडी की भूमिका यूपी के अलग-अलग क्षेत्रों में अहम मानी जाती है। बीजेपी भी इन दलों को साथ लेकर चुनावी मैदान में उतरने की रणनीति पर काम कर रही है।

दिसंबर में हो सकता है फैसला

सीट बंटवारे को लेकर बातचीत अभी शुरुआती दौर में है। नवंबर में सहयोगी दलों के नेताओं के साथ बैठकें होने के बाद दिसंबर में सीट बंटवारे पर बातचीत फाइनल होने की संभावना है। दिसंबर में ही गठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे पर मुहर लग सकती है।

बीजेपी की कोशिश होगी कि चुनाव से पहले सीटों को लेकर किसी भी मतभेद को दूर कर लिया जाए, ताकि एनडीए एकजुट होकर चुनावी तैयारी में जुट सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *