KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के बलिया में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई। नगरा थाना क्षेत्र के निछुआडीह मोड़ के पास तेज रफ्तार फॉक्सवैगन वर्टूस कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और हवा में करीब पांच बार पलटते हुए 20 मीटर दूर गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद पूरे गौवापार गांव में मातम पसरा है।
घूमने निकले थे चारों दोस्त
गौवापार गांव निवासी अभिषेक पटेल, कुणाल पासवान, गोलू ठाकुर और धनंजय पटेल शनिवार शाम नगरा बाजार गए थे। रात करीब 9:30 बजे चारों कार से गांव लौट रहे थे। नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुआडीह मोड़ के पास कार बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा थी।
टक्कर के बाद कार पांच बार पलटी और करीब 20 मीटर दूर गड्ढे में जा गिरी। ग्रामीणों और पुलिस ने कार का दरवाजा तोड़कर चारों युवकों को बाहर निकाला। कार के एयरबैग खुलने के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
दो की मौके पर, दो की इलाज के दौरान मौत
चारों घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अभिषेक और कुणाल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल गोलू और धनंजय को प्राथमिक उपचार के बाद मऊ के हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया। सीओ रसड़ा रजनीश यादव के मुताबिक हादसे की जानकारी के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य किया।
चार परिवारों में पसरा मातम
अभिषेक उत्तराखंड स्थित IIM में असिस्टेंट मैनेजर थे और छह महीने पहले ही उनकी शादी हुई थी। कुणाल ने आईटीआई की पढ़ाई पूरी की थी और प्रयागराज में रेलवे भर्ती की तैयारी कर रहा था। धनंजय निजी स्कूल में पढ़ाने के साथ सरकारी शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहा था। वहीं गोलू गांव में रहकर सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। चारों दोस्तों की एक साथ अर्थियां उठने से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।