भोलेनाथ की नगरी में गूंजा ‘बम बम’, गणेश आचार्य ने काशी में लॉन्च किया बायोपिक का नया गाना

knews desk – देश के मशहूर कोरियोग्राफर गणेश आचार्य ने डांस की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। बचपन में संघर्षों से गुजरने के बाद उन्होंने इंडस्ट्री में बड़ा मुकाम हासिल किया। अब वह अपनी जिंदगी की कहानी को पर्दे पर लेकर आ रहे हैं। खास बात यह है कि गणेश आचार्य ने अपनी बायोपिक का निर्देशन भी खुद किया है। फिल्म का ट्रेलर पहले ही रिलीज किया जा चुका है, जिसे दर्शकों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। इसी बीच उन्होंने अपनी अपकमिंग बायोपिक का नया गाना ‘बम बम’ काशी में लॉन्च किया है।

भोले की नगरी काशी में फिल्म के इस खास गाने का लॉन्च किया गया। गणेश आचार्य खुद इस म्यूजिक लॉन्च इवेंट में मौजूद रहे। इस दौरान वह काफी उत्साहित नजर आए और उन्होंने गाने से लेकर अपनी फिल्म तक के बारे में बात की।

गणेश आचार्य ने क्या कहा?

म्यूजिक लॉन्च के दौरान गणेश आचार्य ने कहा कि भोले की नगरी काशी में भगवान शिव के सामने यह गीत प्रस्तुत करने से बड़ा आनंद कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने बताया कि यह गीत भगवान शिव पर आधारित है, जिनके पास तीसरी आंख है, जो करुणा के सागर हैं और जिनकी नीलकंठ के रूप में महिमा है।

गणेश आचार्य ने कहा कि यह गाना फिल्म का एक खास हिस्सा है और फिल्म की शुरुआत से ही इसे पिक्चराइज किया गया है। उनके मुताबिक, यह गाना फिल्म को एक खास तरह की ऊर्जा देता है। इसमें भगवान शिव को नागों के राजा और भूतों के देवता के तौर पर दिखाया गया है।

गणेश आचार्य ने आगे कहा कि इस गाने को लॉन्च करने के लिए बनारस के नमो घाट से बेहतर जगह और क्या हो सकती है। उन्होंने सभी को छठ पूजा की बधाई भी दी और कहा कि पूरा माहौल छठ पूजा की पवित्रता से महक उठा है। उन्होंने ‘बम बम’ गाने को भगवान शिव को अपना विनम्र ट्रिब्यूट बताया।

फैंस को पसंद आ रहा ‘बम बम’

गणेश आचार्य की बायोपिक के इस गाने को फैंस की ओर से पॉजिटिव प्रतिक्रिया मिल रही है। ‘बम बम’ को जुनैद कुमार और कल्याण वसंत ने अपनी आवाज दी है, जबकि गाने के बोल खुद गणेश आचार्य ने लिखे हैं।

फिल्म की कहानी और निर्देशन की जिम्मेदारी भी गणेश आचार्य ने ही संभाली है। फिल्म का निर्माण सौंदर्य ने किया है। ट्रेलर के बाद अब ‘बम बम’ गाने को भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।

गणेश आचार्य की यह बायोपिक 11 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। फिल्म में उनकी जिंदगी के संघर्ष और डांस की दुनिया में उनके सफर को दिखाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *