KNEWS DESK- छठ महापर्व को लेकर नोएडा में रविवार 15 नवंबर और सोमवार 16 नवंबर को यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। कालिंदी कुंज और कुलेसरा हिंडन घाट समेत 21 प्रमुख स्थानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटेगी। इसे देखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने जाम और यातायात अव्यवस्था से बचने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है।
कालिंदी कुंज जाने वाले वाहनों के बदले रूट
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से कालिंदी कुंज जाने वाले वाहनों को चरखा गोलचक्कर से दलित प्रेरणा स्थल की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन डीएनडी या चिल्ला बॉर्डर के रास्ते आगे जा सकेंगे। सेक्टर-37 से कालिंदी कुंज जाने वाले वाहनों को महामाया फ्लाईओवर के लूप से दलित प्रेरणा स्थल की ओर भेजा जाएगा।
हिंडन घाट और कुलेसरा के लिए भी डायवर्जन
सूरजपुर से कुलेसरा और फेस-2 की ओर जाने वाले वाहनों को कच्ची सड़क तिराहे से चौगानपुर गोलचक्कर की तरफ भेजा जाएगा। फेस-2 से हिंडन नदी की ओर जाने वाले वाहनों को ककराला की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। यहां से सोरखा और बिसरख गोलचक्कर होकर वाहन आगे जा सकेंगे।
किसान चौक से पर्थला गोलचक्कर की ओर जाने वाले वाहनों को बिसरख की तरफ भेजा जाएगा। वहीं पर्थला से किसान चौक की ओर जाने वाले वाहनों को सिग्नेचर ब्रिज के नीचे से सोरखा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
21 स्थानों पर विशेष इंतजाम
नोएडा स्टेडियम समेत शहर के 21 प्रमुख स्थानों पर छठ पूजा को लेकर प्रकाश, सफाई और सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से घाटों के आसपास के रास्तों से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है। यातायात संबंधी समस्या होने पर हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है।