SS Rajamouli की ‘वाराणसी’ होगी पोस्टपोन? VFX और प्रीमियम फॉर्मेट की तैयारी बनी बड़ी चुनौती

knews desk – एसएस राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर इस फिल्म की रिलीज डेट पहले ही 7 अप्रैल 2027 तय की जा चुकी है। हालांकि, अब खबर है कि मेकर्स फिल्म को कुछ महीनों के लिए आगे बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं। इसकी वजह फिल्म के बड़े स्तर पर हो रहे VFX और पोस्ट-प्रोडक्शन काम से जुड़ी तकनीकी चुनौती बताई जा रही है।

‘बाहुबली: द बिगिनिंग’, ‘बाहुबली: द कन्क्लूजन’ और ‘RRR’ जैसी फिल्मों के जरिए दुनियाभर में अपनी पहचान बना चुके एसएस राजामौली इस बार ‘वाराणसी’ को भी ग्लोबल स्तर पर बड़े पैमाने पर रिलीज करने की तैयारी में हैं। फिल्म का बजट करीब 1200 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ऐसे में इसके प्रोडक्शन से लेकर थिएट्रिकल रिलीज तक हर स्तर पर काफी बड़े पैमाने पर काम किया जा रहा है।

7 अप्रैल 2027 को रिलीज होनी है फिल्म

‘वाराणसी’ के मेकर्स ने फिल्म की रिलीज के लिए 7 अप्रैल 2027 की तारीख तय की है। सैकनिल्क ने तमिल एंटरटेनमेंट यूट्यूब चैनल वलाई पेचु के हवाले से बताया है कि मेकर्स अब फिल्म को कुछ महीनों के लिए पोस्टपोन करने पर विचार कर रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म को तय समय पर IMAX और दूसरे प्रीमियम थिएट्रिकल फॉर्मेट में तैयार करना चुनौतीपूर्ण हो रहा है। हालांकि, मेकर्स की ओर से रिलीज डेट टालने को लेकर अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिलहाल 7 अप्रैल 2027 की रिलीज डेट ही आधिकारिक तौर पर तय है।

18 अलग-अलग फॉर्मेट में रिलीज की तैयारी

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ‘वाराणसी’ को दुनियाभर में करीब 18 अलग-अलग एग्जीबिशन फॉर्मेट में रिलीज करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए जरूरी कंटेंट रिलीज से करीब 40 दिन पहले डिलीवर करना होगा। फिल्म के बड़े स्तर पर हो रहे VFX और पोस्ट-प्रोडक्शन को देखते हुए इस डेडलाइन को पूरा करना मुश्किल माना जा रहा है।

फिल्म को सामान्य थिएट्रिकल रिलीज तक सीमित नहीं रखा जा रहा है। एसएस राजामौली ने पहले ही बताया था कि वह ‘वाराणसी’ को IMAX के एक्सपैंडेड 1.43:1 एस्पेक्ट रेशियो में तैयार कर रहे हैं। इसका मतलब है कि IMAX थिएटर्स में दर्शकों को सामान्य वाइडस्क्रीन की तुलना में ज्यादा बड़ी और ऊंची तस्वीर देखने को मिलेगी।

अलग-अलग फॉर्मेट के लिए अलग चुनौती

‘वाराणसी’ के सामने चुनौती केवल फिल्म को अलग-अलग स्क्रीन साइज के हिसाब से एक्सपोर्ट करने की नहीं है। IMAX के लिए खास इमेज और साउंड मास्टरिंग की जरूरत होती है, जबकि Dolby Cinema के लिए अलग तरह की कलर ग्रेडिंग और प्रेजेंटेशन तैयार करना पड़ता है।

वहीं ScreenX फॉर्मेट में कुछ सीन्स को इस तरह तैयार किया जाता है कि उन्हें स्क्रीन के दोनों तरफ भी दिखाया जा सके। इसी तरह 4DX के लिए सीटों की मूवमेंट और आसपास के माहौल से जुड़े इफेक्ट्स को फिल्म के एक्शन सीक्वेंस के साथ सिंक्रोनाइज करना होता है।

राजामौली की फिल्म में बड़े पैमाने पर VFX का इस्तेमाल हो रहा है। ऐसे में हर फॉर्मेट के लिए फिल्म के मूल विजुअल कंपोजिशन और दर्शकों के अनुभव को बरकरार रखना एक बड़ी चुनौती है। हालांकि, मेकर्स ने अभी आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया है कि फिल्म को कितने फॉर्मेट में रिलीज किया जाएगा।

फिलहाल ‘वाराणसी’ की रिलीज डेट 7 अप्रैल 2027 ही है। अगर तकनीकी काम तय समय पर पूरा नहीं हुआ तो फिल्म को कुछ महीनों के लिए आगे बढ़ाया जा सकता है। मगर इसकी आधिकारिक पुष्टि के लिए मेकर्स की घोषणा का इंतजार करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *