आखिरी गेंद पर पाकिस्तान को हराकर चैंपियन बना भारत, जीत के बाद खिलाड़ियों के जश्न पर उठे सवाल

भारत ने अंडर-19 एशिया कप 2026 के रोमांचक फाइनल में पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर 1 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 9 विकेट पर 339 रन बनाए। हालांकि, शानदार जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों के सेलिब्रेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें कुछ खिलाड़ी पाकिस्तानी खिलाड़ियों की ओर कथित तौर पर अनुचित इशारे करते नजर आए।

Knews Desk – पाकिस्तान ने फाइनल में भारत के सामने 338 रनों का लक्ष्य रखा था। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम एक समय मुश्किल में फंस गई थी। 42वें ओवर में भारत ने 252 रन पर 8 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद मनाल चौहान और मोहित उलवा ने मोर्चा संभाला और भारत को मुकाबले में वापस ले आए। मनाल चौहान ने 47 रन बनाए, जबकि मोहित उलवा 49 रन बनाकर नाबाद रहे।

आखिरी गेंद पर भारत को जीत के लिए 3 रन चाहिए थे। पाकिस्तान के लेग स्पिनर अहमद हुसैन की गेंद पर मोहित उलवा ने चौका जड़ दिया और भारत ने आखिरी गेंद पर 1 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज कर ली। जीत के साथ ही भारतीय टीम ने अंडर-19 एशिया कप 2026 की ट्रॉफी भी अपने नाम कर ली।

जीत के बाद मैदान पर दिखा आक्रामक जश्न

मैच खत्म होते ही भारतीय खिलाड़ी मैदान पर दौड़ पड़े और मोहित उलवा तथा चिगुरुपति वेंकटा के साथ जश्न मनाने लगे। मोहित उलवा ने खुद को तिरंगे में लपेट लिया और भारतीय टीम ने दर्शकों के सामने जीत का जश्न मनाया।

इसी दौरान कैमरों में भारतीय खिलाड़ियों का एक आक्रामक सेलिब्रेशन भी रिकॉर्ड हुआ। वायरल वीडियो में एक भारतीय क्रिकेटर पाकिस्तान के विकेटकीपर के सामने चिल्लाते हुए दिखाई दे रहा है। वहीं, कुछ अन्य क्लिप में मोहित उलवा और चिगुरुपति वेंकटा को पाकिस्तानी खिलाड़ियों की ओर इशारे करते हुए देखा जा रहा है।

सपोर्ट स्टाफ ने खिलाड़ियों को शांत कराया

मामला ज्यादा आगे बढ़ने से पहले भारत के सपोर्ट स्टाफ के एक सदस्य ने खिलाड़ियों को शांत रहने और ज्यादा आक्रामक नहीं होने के लिए कहा। इसके बाद टीम के खिलाड़ी वहां से हट गए।

वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ यूजर्स का कहना है कि जीत की खुशी में भारतीय युवा खिलाड़ी भावनाओं में बह गए, जबकि कुछ लोगों ने इसे खेल भावना और मर्यादा के खिलाफ बताया है।

एक अन्य वायरल क्लिप में मनाल चौहान पाकिस्तान के विकेटकीपर हम्जा जहूर की तरफ इशारा करते हुए नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस सेलिब्रेशन को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधियों को लेकर सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों को उसी संदर्भ में देखा जा रहा है।

भारत की जीत का सबसे बड़ा नायक आखिरी गेंद पर चौका लगाने वाले मोहित उलवा रहे, लेकिन फाइनल के बाद वायरल हुआ सेलिब्रेशन अब इस रोमांचक मुकाबले की चर्चा का एक अलग मुद्दा बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *