रीवा में BJP सांसद के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल

KNEWS DESK – मध्य प्रदेश में किसानों को लेकर सियासत एक बार फिर तेज हो गई है। रीवा से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद जनार्दन मिश्रा के बयान के बाद मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस हमलावर हो गई है। मिश्रा के बयान के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेशभर में मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सांसद आवास का घेराव करने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की और वाटर कैनन तथा आंसू गैस का इस्तेमाल किया। वहीं, कांग्रेस ने सांसद के इस्तीफे की मांग की है।

रीवा में प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान की अगुवाई में कांग्रेसियों ने सांसद आवास का घेराव करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने जमकर हंगामा किया, लेकिन हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।

बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा ने हाल ही में किसानों को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद कांग्रेस लगातार उनके खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। शुक्रवार दोपहर प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान रीवा पहुंचे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सांसद आवास की ओर कूच किया।

दूसरी ओर, सांसद आवास की ओर बढ़ रहे कांग्रेस प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कई बार बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर रोकने की कोशिश भी की, लेकिन जब कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं हुए तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इस दौरान प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि सांसद ने किसानों को नशेड़ी बताकर देश के अन्नदाताओं का अपमान किया है। कांग्रेस इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी।

धर्मेंद्र सिंह चौहान ने बीजेपी सांसद से इस्तीफे की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि उन्होंने खुद इस्तीफा नहीं दिया तो कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली जाकर बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से जवाब मांगेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *