कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार को घेरा है। उन्होंने दावा किया कि खुदरा महंगाई दो साल के उच्चतम स्तर 6.09 प्रतिशत पर पहुंच गई है और जरूरी वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
Knews Desk – कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मोदी सरकार में महंगाई डायन नहीं, बल्कि बिना बुलाए मेहमान बनकर हर घर का बजट निगल रही है। जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि किचन से लेकर रोजमर्रा की हर चीज बेकाबू हो गई है और मोदी सरकार की गलत नीतियों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है।
जयराम रमेश ने कहा कि महंगाई पिछले 12 सालों से बढ़ती जा रही है, जिससे महंगाई की वास्तविक चोट सरकारी आंकड़ों से कहीं ज्यादा है। उन्होंने दावा किया कि इस साल महंगाई के आंकड़े भी हर महीने बढ़ते जा रहे हैं। उनके मुताबिक, खुदरा महंगाई दो साल के उच्चतम स्तर 6.09 प्रतिशत पर पहुंच चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि 12 में से 11 उपभोग श्रेणियों में महंगाई बढ़ी है।
कांग्रेस नेता ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई को लेकर सरकार की ओर से चुप्पी साधी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता बढ़ती कीमतों से परेशान है, जबकि सरकार इस मुद्दे पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है।
जयराम रमेश ने खाद्य महंगाई को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि खाद्य महंगाई 8.94 प्रतिशत तक पहुंच गई है। उनके मुताबिक, प्याज 116 प्रतिशत, लहसुन 60 प्रतिशत और अदरक 48 प्रतिशत तक महंगे हो चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि आटा, तेल, घी, दूध और दाल से लेकर साबुन तक हर चीज पर महंगाई बेलगाम है।
उन्होंने यह भी कहा कि कंपनियां कीमतें बढ़ाने के अलावा उत्पादों की मात्रा घटाने पर विचार कर रही हैं। जयराम रमेश ने ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका का भी जिक्र करते हुए कहा कि इससे आम आदमी के लिए कर्ज और जीवन दोनों और महंगे हो सकते हैं।
जयराम रमेश ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यह अमृत काल नहीं, बल्कि महंगाई का भूचाल है।
कांग्रेस ने गुरुवार को भी जरूरी वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने कहा कि आम परिवारों को बढ़ते खर्चों से जूझना पड़ रहा है और महंगाई को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।