भोजपुर में दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हवलदार के बेटे की मौत; दोस्त गंभीर रूप से घायल

गजराजगंज ओपी क्षेत्र के बड़कागांव के पास दो बाइक से लौट रहे युवकों को हथियारबंद बदमाशों ने घेरा। फायरिंग में 24 वर्षीय रितिक सिंह राजपूत की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त युवराज कुमार गंभीर रूप से घायल है।

Knews Desk – बिहार के भोजपुर जिले में गजराजगंज ओपी क्षेत्र के बड़कागांव गांव के पास हथियारबंद बदमाशों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात में हवलदार के 24 वर्षीय बेटे रितिक सिंह राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त युवराज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।

मृतक की पहचान आरा नगर थाना क्षेत्र के मझौआ गांव निवासी हरेंद्र सिंह के 24 वर्षीय बेटे रितिक सिंह राजपूत के रूप में हुई है। रितिक के पिता हरेंद्र सिंह आरा में विशेष शाखा में तैनात थे और हाल में उनका ट्रांसफर सुपौल किया गया है। वहीं घायल युवक की पहचान इसी गांव के रामावतार सिंह के 24 वर्षीय बेटे युवराज कुमार के रूप में हुई है।

सिर और पीठ में लगी गोलियां

बताया गया है कि बदमाशों ने रितिक के सिर में सटाकर दो गोलियां मारीं, जबकि उसकी पीठ में भी दो गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं युवराज को भी दो गोलियां लगीं। उसके एक गोली प्राइवेट पार्ट के पीछे और दूसरी पीठ में लगी है।

घटना के बाद रितिक के दोस्तों ने घायल युवराज को आनन-फानन में आरा शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टर विकास सिंह की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।

चार युवकों को घेरकर फायरिंग का आरोप

मृतक के दोस्त मुकुल सिंह के मुताबिक, वारदात के समय दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ बिहिया से लौट रहे थे। दो बाइक पर सवार चार युवक बड़कागांव के पास पहुंचे थे। इसी दौरान पांच-छह की संख्या में हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि बदमाशों ने पहले गाली-गलौज की और गोली मारने की धमकी दी। विरोध करने पर उन्होंने पिस्टल निकालकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। मुकुल के मुताबिक, बदमाशों ने सबसे पहले रितिक के सिर में गोली मारी और इसके बाद युवराज को गोली मार दी।

अचानक हुई फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोस्त किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागे। आरोप है कि बदमाशों ने भाग रहे युवकों पर भी पीछे से गोलियां चलाईं। मुकुल ने बताया कि इस दौरान एक गोली उसके हाथ की उंगली को छूकर निकल गई।

वर्चस्व को लेकर पहले से चल रहा था विवाद

मुकुल सिंह ने बताया कि दोनों गुटों के बीच पहले से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था। करीब दस दिन पहले दोनों पक्षों के परिवारों के बीच समझौता भी हुआ था।

वहीं घायल युवराज के पिता रामावतार सिंह ने बताया कि केजी रोड स्थित दुर्गा पंडाल के पास पहले गाली-गलौज हुई थी। इसके बाद से उनके बेटे को फोन पर धमकियां दी जा रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि युवराज को घर से बाहर बुलाकर गोली मारने की धमकी भी दी गई थी।

रामावतार सिंह के मुताबिक, बुधवार सुबह भी कुछ बदमाश उनके घर के आसपास बेटे को तलाशते हुए पहुंचे थे। उनका आरोप है कि इसी विवाद के चलते बड़कागांव के पास इस वारदात को अंजाम दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *