अल्मोड़ा में खाई में समाई मैक्स, मां-बेटी समेत तीन की दर्दनाक मौत; रात के अंधेरे में हुआ हादसा

धौलछीना के हरड़ा गांव के पास गुरुवार रात गंगोलीहाट से न्योली जा रही मैक्स अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 28 वर्षीय चालक समेत 48 वर्षीय महिला और उसकी 15 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।

Knews Desk – उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धौलछीना थाना क्षेत्र के हरड़ा गांव के पास गंगोलीहाट से न्योली गांव की ओर जा रही एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में मां-बेटी भी शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया और न्योली, हरड़ा समेत आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के मुताबिक न्योली गांव निवासी 28 वर्षीय वाहन चालक हयात सिंह गैड़ा उर्फ सूरज मैक्स वाहन संख्या UK 01 TA 1299 से गंगोलीहाट से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में हरड़ा गांव के पास उन्हें सड़क किनारे दो महिलाएं वाहन का इंतजार करती दिखाई दीं। दोनों महिलाओं को भी अपने गांव जाना था। इसके बाद चालक ने दोनों को वाहन में बैठा लिया।

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 10 बजे मैक्स वाहन न्योली गांव के लिए रवाना हुआ। जैसे ही वाहन हरड़ा गांव के पास पहुंचा, अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया। वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों लोग छिटककर आसपास जा गिरे। दुर्घटना में चालक समेत तीनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

सुबह ग्रामीणों को मिली हादसे की जानकारी

हादसा रात के अंधेरे में हुआ, जिसकी जानकारी ग्रामीणों को सुबह मिल पाई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने राजस्व पुलिस और धौलछीना थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद खाई में गिरे तीनों शवों को बाहर निकाला।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शवों का पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए पनुवानौला भेज दिया।

मृतकों की पहचान 48 वर्षीय बसंती गैड़ा पत्नी हिम्मत सिंह गैड़ा और उनकी 15 वर्षीय बेटी अंजली गैड़ा के रूप में हुई है। दोनों ग्राम हरड़ा, थाना धौलछीना, अल्मोड़ा की निवासी थीं। वहीं तीसरे मृतक की पहचान 28 वर्षीय वाहन चालक हयात सिंह गैड़ा उर्फ सूरज, पुत्र स्वर्गीय शेर सिंह, निवासी ग्राम न्योली के रूप में हुई है।

एक ही हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद न्योली, हरड़ा और आसपास के गांवों में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *