समंदर में छठ पूजा और स्टेशनों पर भोजपुरी गीतों से गरमाई मुंबई की सियासत, BJP-विपक्ष में तकरार

छठ पर्व से पहले मुंबई में भोजपुरी गीत बजाने और समुद्र किनारे छठ पूजा आयोजित करने को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। यूबीटी शिवसेना, एमएनएस और कांग्रेस ने बीजेपी व सत्तापक्ष पर वोट बैंक की राजनीति का आरोप लगाया है, जबकि बीजेपी और छठ पूजा आयोजकों ने विपक्ष पर हिंदू त्योहार का विरोध करने का आरोप लगाया है।

Knews Desk – 13 नवंबर से छठ पर्व की शुरुआत हो रही है। मुंबई में रहने वाले लाखों उत्तर भारतीय, जिनमें बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग बड़ी संख्या में शामिल हैं, छठ मनाने के लिए अपने गांवों की तरफ रवाना हो रहे हैं। मुंबई में बिहार और पूर्वांचली प्रवासियों की संख्या 20 लाख से ज्यादा बताई जाती है।

इसी बीच मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर हिंदी में ट्रेनों की आवाजाही के अनाउंसमेंट के साथ भोजपुरी भजन और छठ गीत बजाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एमएनएस और यूबीटी शिवसेना ने रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गीत बजाने पर आपत्ति जताई है। विपक्ष का आरोप है कि उत्तर प्रदेश में चुनाव को देखते हुए बीजेपी और उसकी सहयोगी शिवसेना उत्तर भारतीयों को खुश करने की कोशिश कर रही है।

विपक्ष का सवाल है कि दूसरे राज्यों में मराठी गाने क्यों नहीं बजाए जाते। दिवाली, ईद और क्रिसमस जैसे त्योहारों पर भी इस तरह गाने क्यों नहीं बजते। विपक्ष का आरोप है कि भोजपुरी गीत बजाकर एक खास समुदाय को खुश करने की कोशिश की जा रही है।

विवाद सिर्फ रेलवे स्टेशनों तक सीमित नहीं है। एमएनएस और यूबीटी शिवसेना ने मुंबई की समुद्र चौपाटियों पर छठ पूजा आयोजित करने का भी विरोध किया है। उनका कहना है कि गिरगांव चौपाटी, दादर चौपाटी, जुहू चौपाटी या किसी अन्य चौपाटी पर छठ पूजा की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। विपक्ष का तर्क है कि इससे समुद्र और नदियों में जल प्रदूषण बढ़ सकता है।

यूबीटी शिवसेना के नेता और सांसद संजय राउत ने कहा है कि उन्हें छठ पर्व से कोई विरोध नहीं है, लेकिन छठ के नाम पर हो रही राजनीति और भोजपुरी गाने बजाने को लेकर उनकी आपत्ति है।

यूबीटी शिवसेना और एमएनएस के विरोध को कांग्रेस का भी समर्थन मिला है। कांग्रेस ने सरकार पर उत्तर भारतीय वोट बैंक को ध्यान में रखकर फैसले लेने का आरोप लगाया है। कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे ने कहा कि छठ पूजा के लिए आर्टिफिशियल पॉन्ड बनाए जाने चाहिए। उनका तर्क है कि जब महाराष्ट्र के बड़े त्योहार गणपति विसर्जन के लिए आर्टिफिशियल लेक का इस्तेमाल किया जा रहा है, तो छठ पूजा के लिए भी ऐसी व्यवस्था की जा सकती है। उनका सवाल है कि समुद्र और नदियों में प्रदूषण बढ़ाने की जरूरत क्यों है।

विपक्ष के आरोपों पर छठ पूजा के बड़े आयोजक और उत्तर भारतीय नेता संजय निरुपम ने पलटवार किया है। उनका कहना है कि छठ पर्व प्रकृति और सूर्य भगवान की आराधना का त्योहार है। छठ व्रती समुद्र किनारे दूध से अर्घ्य देते हैं और फल-फूल अर्पित करते हैं। उनके मुताबिक ये सभी प्राकृतिक पदार्थ हैं, जिनसे न तो मछलियों को नुकसान होता है और न ही समुद्र में प्रदूषण फैलता है।

संजय निरुपम ने कहा कि मुंबई में नदियां अब नालों में तब्दील हो चुकी हैं। ऐसे में समुद्र ही एकमात्र विकल्प बचता है, जहां श्रद्धालु छठ पूजा करना चाहते हैं। रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भोजपुरी, अवधी और मैथिली भाषाओं में छठ के पारंपरिक गीत गाए जाते हैं। इसलिए उसी भाषा में गीत बजाए जा रहे हैं। उन्होंने विपक्ष पर इस मुद्दे पर बेवजह राजनीति करने का आरोप लगाया।

महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार ने भी विपक्ष के आरोपों पर जवाब दिया है। उनका कहना है कि कुछ लोग बिना जानकारी के राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र गीत दूसरे राज्यों में भी बजाया जाता है। बिहार समेत दूसरे राज्यों में महाराष्ट्र दिवस भी मनाया जाता है और महाराष्ट्र फूड फेस्टिवल का आयोजन भी होता है।

भाजपा नेता और छठ पूजा आयोजक अमरजीत मिश्रा ने भी यूबीटी और एमएनएस पर छठ पूजा के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया है।

विवाद बढ़ने के बाद रेलवे ने भी भोजपुरी गानों की आवाज धीमी कर दी है। अब स्टेशनों पर इन गानों को बजाने की संख्या भी कम कर दी गई है और कई जगह इन्हें लगभग बंद कर दिया गया है। हालांकि, भोजपुरी गीतों से शुरू हुआ यह विवाद अब मुंबई की चौपाटियों पर छठ पूजा की अनुमति और मराठी बनाम गैर-मराठी की राजनीति तक पहुंच गया है।

शिंदे शिवसेना के नेता और प्रवक्ता आनंद दुबे ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि बालासाहेब ठाकरे छठ जैसे हिंदू त्योहारों के समर्थक थे, लेकिन आज उनके वंशज ही इसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष की तुलना असुरों से करते हुए आरोप लगाया कि ये लोग हिंदू त्योहारों का विरोध कर रहे हैं।

विश्व हिंदू परिषद ने भी छठ पर्व का विरोध करने वालों पर निशाना साधा है। वीएचपी ने इसे हिंदुत्व और हिंदू त्योहारों के विरोध की साजिश करार दिया है।

फिलहाल छठ पर्व से पहले मुंबई में भोजपुरी गानों से शुरू हुआ विवाद अब चौपाटियों पर पूजा की अनुमति और मराठी बनाम गैर-मराठी की राजनीति तक पहुंच गया है। अब नजर बीएमसी के फैसले पर है कि समुद्र किनारे छठ पूजा के आयोजन को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है और विपक्ष इस मुद्दे पर किस तरह अपना विरोध दर्ज कराता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *