यूपी चुनाव में ओवैसी-चंद्रशेखर का गठबंधन, 403 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव; सपा-कांग्रेस को भी न्योता

KNEWS DESK- 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने गठबंधन का ऐलान किया है। दोनों दलों ने मिलकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाया है। इस मोर्चे की ओर से चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है।

सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का ऐलान

गुरुवार को चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन की घोषणा की। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा 2027 में सत्ता परिवर्तन करेगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी को हराने के लिए बड़ा गठबंधन होना चाहिए, लेकिन कुछ लोगों के अहंकार के चलते ऐसा नहीं हो पाया।

चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी मोर्चे में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि उनकी अपील है कि सपा और कांग्रेस भी इस मोर्चे का हिस्सा बनें। उन्होंने ऐलान किया कि ओवैसी के साथ मिलकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

चंद्रशेखर बोले- सामाजिक बदलाव के लिए है मोर्चा

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा कोई ‘तीसरा मोर्चा’ नहीं है, बल्कि सामाजिक बदलाव के लिए बनाया गया मोर्चा है। उन्होंने कहा कि यह मोर्चा मजबूत है और आगे और भी मजबूत होगा। उनके मुताबिक, हाशिए पर धकेले गए वंचित, पीड़ित, शोषित और दबे-कुचले वर्गों के लोग इससे जुड़ेंगे तो यह उनके लिए बड़ी ताकत बन जाएगा।

चंद्रशेखर ने कहा कि जिन लोगों ने गरीबी और बेबसी दूर करने, अत्याचार, जातिगत हिंसा और जुल्म खत्म करने का वादा किया था, वह धोखा निकला। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने हाशिए पर रहने वाले समुदायों को मुख्यधारा में लाने की बात कही, वे विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक बन गए, लेकिन हाशिए पर रहने वाला समुदाय आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है।

ओवैसी बोले- बीजेपी को रोकने के लिए मजबूत मोर्चा

गठबंधन को लेकर असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश में बीजेपी को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए मजबूत मोर्चा होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दबे-कुचले लोगों को सिर्फ वोटर के तौर पर इस्तेमाल किया गया। ओवैसी ने कहा कि इस सरकार ने उत्तर प्रदेश के नौजवानों के मुकद्दर में बेरोजगारी लिख दी है। उन्होंने बताया कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार चंद्रशेखर आजाद होंगे और मोर्चा 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

26 नवंबर को होगी बैठक

ओवैसी ने कहा कि 26 नवंबर को एक बैठक रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में सामाजिक बदलाव की शुरुआत होने जा रही है और वे भविष्य की राजनीति करेंगे। ओवैसी ने कहा कि वे उत्तर प्रदेश की जनता और चंद्रशेखर आजाद के साथ मिलकर इंसाफ की लड़ाई को पूरा करेंगे।

गिरिराज सिंह पर ओवैसी का तंज

असदुद्दीन ओवैसी ने गिरिराज सिंह पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि गिरिराज साहब जल्द से जल्द सेहतमंद हों, यह उनकी दुआ है और उन्हें अस्पताल में अपनी सेहत की फिक्र करनी चाहिए।

ओवैसी ने बीजेपी से सवाल करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो जवान शहीद हुए हैं, उनके बारे में बात की जानी चाहिए।

चंद्रशेखर बोले- राष्ट्रभक्ति का सबूत देने की जरूरत नहीं

वहीं, चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उन्हें किसी को राष्ट्रभक्ति का सबूत देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि देश और बॉर्डर की सुरक्षा क्यों नहीं कर पा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *